मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, अज्ञात ईमेल से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप, हाई अलर्ट जारी

डिजिटल डेस्क- देश के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण हवाई अड्डों में शुमार मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा) को बम से उड़ाने की एक सनसनीखेज धमकी मिली है। एक अज्ञात शख्स द्वारा भेजे गए धमकी भरे ईमेल के बाद हवाई अड्डा प्रशासन, स्थानीय पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों में हड़कंप मच गया है। इस गंभीर चेतावनी के सामने आते ही पूरी सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करते हुए एयरपोर्ट परिसर को हाई अलर्ट पर डाल दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।

अज्ञात ईमेल से मची खलबली, तुरंत एक्शन में आई बीडीडीएस टीम

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आधिकारिक सिस्टम पर एक अज्ञात प्रेषक की तरफ से ईमेल प्राप्त हुआ। इस ईमेल में बेहद खौफनाक दावा किया गया था कि एयरपोर्ट परिसर के भीतर बम विस्फोट किया जाएगा। ईमेल की भाषा और उसकी संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों ने बिना एक पल गंवाए तुरंत अलर्ट जारी कर दिया। धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ बम निरोधक एवं श्वान दस्ता तत्काल मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा बलों ने पूरे एयरपोर्ट टर्मिनल, रनवे, पार्किंग एरिया और वेटिंग लाउंज की सघन तलाशी शुरू कर दी। खोजी कुत्तों और आधुनिक मेटल डिटेक्टर्स की मदद से चप्पे-चप्पे को खंगाला जा रहा है। हालांकि, प्रारंभिक जांच और सघन चेकिंग के दौरान अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त रखा गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आईपी एड्रेस खंगालने में जुटी साइबर सेल

इस मामले को लेकर मुंबई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित पुलिस थाने में अदखलपात्र मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की साइबर विंग और तकनीकी टीमें तुरंत एक्शन में आ गई हैं। जिस ईमेल आईडी से यह धमकी भेजी गई है, उसके आईपी (IP) एड्रेस को ट्रैक किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह मेल भारत से भेजा गया है या इसके पीछे किसी विदेशी सर्वर का हाथ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कुछ दिन पहले भी मिली थी ऐसी ही धमकी, निशाने पर था ताज होटल

चिंता की बात यह है कि मुंबई में इस तरह की धमकी मिलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। कुछ ही दिनों पहले भी मुंबई एयरपोर्ट पुलिस की ईमेल आईडी पर एक ऐसा ही धमकी भरा संदेश आया था। उस ईमेल में न सिर्फ मुंबई एयरपोर्ट बल्कि मुंबई की ऐतिहासिक शान माने जाने वाले ‘होटल ताज’ को भी बम से उड़ाने की बात कही गई थी। बार-बार मिल रही इन धमकियों ने देश की आर्थिक राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *