फतेहपुर में ऑनर किलिंग से सनसनी… दूसरे समुदाय के प्रेमी की जिद पर अड़ी विवाहिता की भाई ने की गला घोंटकर हत्या, शव कुएं में फेंका

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र अंतर्गत हसवा कस्बे में ऑनर किलिंग (सम्मान के नाम पर हत्या) का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। शादी हो जाने के बाद भी दूसरे समुदाय के युवक के साथ रहने की जिद पर अड़ी सगी बहन को भाई ने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। भाई ने पहले गला घोंटकर बहन की जान ली और फिर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में स्थित एक कुएं में फेंक दिया। दिलदहला देने वाली इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई ने खुद पुलिस चौकी पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया, जिसे सुनकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए।

“ससुराल की लक्ष्मी हो, वहीं रहो…” – समझाने पर भी नहीं मानी बहन

सोनहीं बड़नपुर निवासी पिंटू उर्फ अजय के साथ बीती एक मई को युवती की शादी हुई थी। शादी के बाद मायके आई युवती 13 मई को अपने गांव के ही एक विशेष समुदाय के प्रेमी के साथ चली गई थी, जिसे परिजन तीन दिन बाद खोजकर वापस लाए थे। पंचायत और समझौते के बाद उसे दोबारा ससुराल भेजा गया, लेकिन वहां भी उसकी प्रेमी से फोन पर बातचीत जारी रही। इस बात की भनक जब अहमदाबाद में मजदूरी करने वाले भाई संदीप को लगी, तो वह 10 जून को बहन की ससुराल पहुंचा। शुक्रवार देर शाम संदीप अपनी बहन को समझाने के बहाने विदा कराकर साथ लाया। रास्ते में पैदल चलते हुए उसने बहन को बहुत समझाया कि वे हिंदू यादव हैं और दूसरा समुदाय कसाई बिरादरी का है, इसलिए परिवार इस रिश्ते को कभी स्वीकार नहीं करेगा। उसने कहा, “तुम अब शादीशुदा हो, अपने घर की लक्ष्मी हो और वहीं खुश रहो।” लेकिन जब बहन प्रेमी के ही पास जाने की जिद पर अड़ी रही, तो रास्ते में सुनसान खेत के पास भाई का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।

डेढ़ मिनट तक तड़पती रही बहन, हत्या के बाद कुएं में फेंका शव

मैं उसे समझा-समझाकर थक चुका था। जब वह किसी भी सूरत में मानने को तैयार नहीं हुई, तो गुस्से में मैंने चिल्लाते हुए उसका गला दबोच लिया और खेत में गिरा दिया। वह अपनी जान बचाने के लिए करीब डेढ़ मिनट तक हाथ-पैर चलाकर छटपटाती रही, और फिर उसकी सांसें हमेशा के लिए थम गईं।” हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद संदीप ने बहन के शव को घसीटकर पास के ही एक गहरे कुएं में फेंक दिया। पकड़े जाने के डर से उसने पूरी रात जंगल में छिपकर बिताई। पहले वह भागने की फिराक में था, लेकिन यह सोचकर कि शक ससुराल और पिता पर जाएगा, शनिवार सुबह 8 बजे वह खुद पुलिस चौकी पहुंच गया और अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने तुरंत दमकल विभाग की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

परिजनों का आरोप: ‘प्रेमजाल में फंसाकर किया गया था ब्रेनवॉश’

मृतका के पिता शिव सिंह यादव उर्फ कल्लू ने बताया कि उनका घर मुख्य मार्ग पर होने के कारण विशेष समुदाय के उस युवक का अक्सर वहां आना-जाना था। आरोप है कि युवक ने उनकी बेटी को प्रेमजाल में फंसाकर उसका पूरी तरह से ब्रेनवॉश कर दिया था, जिसके कारण वह शादी के बाद भी परिवार और समाज की मर्यादा समझने को तैयार नहीं थी। परिजनों का यह भी कहना है कि तीन दिन पहले प्रेमी ने पुलिस में युवती की जान को खतरा होने की झूठी शिकायत भी की थी। हालांकि, स्थानीय चौकी प्रभारी ने ऐसी किसी भी लिखित शिकायत के मिलने से साफ इनकार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *