त्योहारों के मौसम को देखते हुए INDIA गठबंधन आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली में बड़े विरोध-प्रदर्शन नहीं करेगा। सूत्रों के मुताबिक, छोटे स्तर पर प्रदर्शन जारी रहेंगे। राहुल गांधी ने सभी सांसदों और नेताओं को अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों में लौटने के निर्देश दिए हैं।
Knews Desk – मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन का विरोध-प्रदर्शन फिलहाल कुछ समय के लिए थम जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में INDIA गठबंधन की ओर से दिल्ली में किसी बड़े विरोध-प्रदर्शन की योजना नहीं है, हालांकि छोटे स्तर पर प्रदर्शन जारी रहेंगे। राहुल गांधी ने सभी सांसदों और नेताओं को अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों में लौटने के निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, त्योहारों का मौसम शुरू होने वाला है, जिससे सड़कों पर भारी भीड़ होने की संभावना है। इसे देखते हुए विपक्ष ने आने वाले कुछ दिनों तक कोई बड़ा विरोध-प्रदर्शन नहीं करने का फैसला किया है। साथ ही, दिल्ली में रोके गए सभी सांसदों को अपने-अपने क्षेत्रों में लौटने को कहा गया है।
इससे पहले INDIA ब्लॉक की प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा, “यहां अलग-अलग विरोध प्रदर्शन नहीं हो रहे हैं। यह एक ही विरोध प्रदर्शन है और इसका एक ही उद्देश्य है। भारत में लोकतंत्र की बहाली हो।”
राहुल गांधी ने कहा कि देश में लोकतंत्र को खत्म कर दिया गया है, चुनाव व्यवस्था को नष्ट कर दिया गया है और संविधान को फाड़कर फेंक दिया गया है। उन्होंने कहा, “हम सब मिलकर इस देश में लोकतांत्रिक शासन और वास्तविक लोकतंत्र को बहाल करने के लिए लड़ रहे हैं। लोकतंत्र की अभिव्यक्ति का एक माध्यम जंतर-मंतर था, लेकिन अब सरकार ने तय कर लिया है कि जंतर-मंतर का इस्तेमाल लोकतांत्रिक भावनाओं को व्यक्त करने के लिए नहीं किया जा सकता। हम इस सोच को चुनौती देंगे।”
मोदी, शाह और ज्ञानेश को राहुल की चुनौती
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आगे कहा कि सरकार के लिए यह आसान नहीं होगा कि वह तय कर दे कि भारत के लोग अपनी आवाज के लिए संघर्ष नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने यह सब किया है, उनमें नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और अन्य लोग शामिल हैं।
राहुल गांधी ने कहा, “नरेंद्र मोदी इसके मुख्य सूत्रधार हैं, अमित शाह इसे लागू कर रहे हैं। ज्ञानेश कुमार और अन्य लोगों को समझना होगा कि अब उनके चारों ओर शिकंजा कसता जा रहा है। ऐसा नहीं हो सकता कि आप भारत के संविधान को नष्ट कर दें और फिर बचकर निकल जाएं।”
‘देश की जनता हमारे साथ खड़ी’
राहुल गांधी ने कहा कि पिछले दिन हुए प्रदर्शन में केवल राजनीतिक दलों की अभिव्यक्ति नहीं थी, बल्कि यह भारत की जनता की आवाज थी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों और गैर-राजनीतिक लोगों के समर्थन के बिना वह प्रदर्शन संभव नहीं था।
उन्होंने कहा, “एक समूह के तौर पर हम सबसे पहले दिल्ली और देश की जनता का धन्यवाद करना चाहते हैं, जो हमारे साथ खड़ी हुई और जो कुछ किया जा रहा है, उसके खिलाफ हमारा साथ दिया।”
‘लोकतंत्र की बहाली के लिए आखिरी दम तक लड़ेंगे’
राहुल गांधी ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के बारे में नहीं, बल्कि भारत की जनता और उसके भविष्य के बारे में है। उन्होंने कहा, “हम सभी आपसे प्यार करते हैं, आपका सम्मान करते हैं और इस देश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बहाल करने के लिए आखिरी दम तक लड़ेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों ने यह सब किया है, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। राहुल गांधी ने इस संदर्भ में नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और देहरादून में मौजूद एक महिला का भी जिक्र किया।