KNEWS DESK- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में एक युवक की हत्या के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। पुरानी रंजिश को लेकर हुई इस वारदात ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार, सेटरिंग सामान के किराये और सरकारी ट्यूबवेल से पानी उपयोग को लेकर चल रहे विवाद के दौरान विनोद नामक युवक पर धारदार हथियारों और हथौड़े से हमला किया गया। इस हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हैं जिनका इलाज जारी है।
आरोप है कि इस हमले में 20 से 25 लोगों की भीड़ शामिल थी, जिनमें कई नामजद आरोपी भी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की मौत की खबर फैलते ही गुस्साई भीड़ ने दूसरे पक्ष के घरों पर पथराव शुरू कर दिया, जो बाद में आगजनी में बदल गया। कई घरों और वाहनों को निशाना बनाए जाने की भी सूचना है।
मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया है। उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी की है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें तीन नामजद आरोपी शामिल हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है ताकि हालात और न बिगड़ें।