कासगंजः सोते समय भरभराकर गिरा मकान का लैंटर, पति-पत्नी और मासूम बेटी की मौत, तीन बच्चे घायल

प्रशांत सोनी- कासगंज जिले से एक बेहद हृदयविदारक और रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। शनिवार तड़के जब पूरा इलाका गहरी नींद में सोया हुआ था, ठीक उसी वक्त सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के ग्राम शेखूपुरा में एक हंसता-खेलता परिवार हमेशा के लिए मलबे के नीचे दफन हो गया। सुबह करीब 4:30 बजे एक पुराने मकान की लैंटर वाली छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस खौफनाक मलबे की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की तड़प-तड़प कर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन मासूम बच्चे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। यह दर्दनाक हादसा इतना अचानक और भयानक था कि सो रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मलबे में दबने से 25 वर्षीय वीरभान, उनकी पत्नी 26 वर्षीय नीलम और उनकी महज 2 साल की मासूम बेटी काव्या की मौके पर ही सांसें थम गईं। जिस आंगन में कल तक किलकारियां गूंजती थीं, वहां आज सिर्फ खामोशी और मातम का सन्नाटा पसरा है। वहीं इस हादसे में परिवार के तीन अन्य बच्चे 12 वर्षीय काजल, 10 वर्षीय मोहिनी और 8 वर्षीय सूरज गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इन मासूमों के सिर से हमेशा के लिए माता-पिता और अपनी नन्हीं बहन का साया उठ गया है।

चीख-पुकार सुन दौड़े ग्रामीण, मलबे से निकाले गए अपनों के शव

सुबह-सुबह हुए इस जोरदार धमाके और बच्चों की चीख-पुकार को सुनकर आस-पास के ग्रामीण सहम गए और तुरंत घटनास्थल की तरफ दौड़े। मलबे का मंजर देखकर हर किसी की रूह कांप गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर भारी मशक्कत के बाद मलबे को हटाना शुरू किया और दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अस्पताल पहुंचे आला अधिकारी, पूरे इलाके में पसरा मातम

इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही कासगंज के जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) तुरंत प्रशासनिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मलबे का मुआयना करने के बाद अस्पताल का रुख किया, जहां उन्होंने घायल बच्चों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को उनके बेहतर इलाज के सख्त निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवार और रोते-बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सरकारी व आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। फिलहाल प्रशासन हादसे के असल कारणों की जांच कर रहा है, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और हर आंख नम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *