‘पेद्दि’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान जारी, 6 दिन में ₹332.1 करोड़ के पार पहुंची राम चरण की फिल्म

Knews Desk- साउथ सुपरस्टार राम चरण की फिल्म ‘पेद्दि’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के पहले वीकेंड में रिकॉर्डतोड़ कमाई करने के बाद फिल्म वीकडेज़ में भी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। मेकर्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के छह दिनों के भीतर दुनियाभर में ₹332.1 करोड़ ग्रॉस का आंकड़ा पार कर लिया है।

फिल्म का प्रदर्शन सिर्फ दक्षिण भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि हिंदी बेल्ट में भी इसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘पेद्दि’ के हिंदी वर्जन ने मंगलवार को सोमवार की तुलना में करीब 14 से 15 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की। जहां सोमवार को फिल्म ने लगभग ₹2.10 करोड़ नेट का कारोबार किया था, वहीं मंगलवार को यह आंकड़ा बढ़कर करीब ₹2.45 करोड़ नेट तक पहुंच गया।

फिल्म के हिंदी संस्करण का कुल कलेक्शन अब ₹30 करोड़ नेट के करीब पहुंच चुका है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि मौजूदा रफ्तार को देखते हुए फिल्म जल्द ही ₹40 करोड़ नेट का आंकड़ा पार कर सकती है।

फिल्म में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। दर्शकों को राम चरण का नया अवतार, दमदार एक्शन, भावनात्मक कहानी और फिल्म का संगीत काफी पसंद आ रहा है।

‘पेद्दि’ का निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने संभाली है, जबकि सिनेमैटोग्राफी आर. रत्नावेलु ने की है। तकनीकी रूप से भी फिल्म को काफी मजबूत माना जा रहा है।

मेकर्स का दावा है कि फिल्म को देश और विदेश दोनों जगहों पर शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। लगातार बढ़ते कलेक्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ‘पेद्दि’ बॉक्स ऑफिस पर कई नए रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है। फिल्म 4 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अभी भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *