‘पेद्दी’ की आंधी में भी टिकी रही वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’, पहले दिन की कमाई ने सबको चौंकाया

KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन की रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही शानदार शुरुआत की है। कई बड़ी फिल्मों के साथ मुकाबले के बावजूद फिल्म ने पहले दिन अच्छा प्रदर्शन करते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। खास बात यह है कि यह फिल्म ऐसे समय में रिलीज हुई है, जब साउथ की चर्चित फिल्में ‘पेद्दी’, ‘करुप्पु’ और ‘बंदर’ पहले से दर्शकों के बीच चर्चा में हैं।

ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ने रिलीज के पहले दिन दुनियाभर में करीब 11 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का नेट कलेक्शन 7.5 करोड़ रुपये रहा, जबकि ग्रॉस कलेक्शन लगभग 9 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वहीं विदेशों में फिल्म ने करीब 2 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 11 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

फिल्म का अनुमानित बजट 50 से 55 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में शुरुआती आंकड़ों को सकारात्मक माना जा रहा है। अगर फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है और वीकेंड में कमाई बढ़ती है, तो यह पहले सप्ताह में ही अपने बजट का बड़ा हिस्सा निकाल सकती है।

हालांकि यह कमाई वरुण धवन की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल नहीं हो सकी। इससे पहले ‘बॉर्डर 2’ ने 30 करोड़ रुपये, ‘कलंक’ ने 21.6 करोड़ रुपये, ‘दिलवाले’ ने 21 करोड़ रुपये, ‘जुड़वा 2’ ने 16.1 करोड़ रुपये और ‘एबीसीडी 2’ ने 14.3 करोड़ रुपये की ओपनिंग हासिल की थी। इसके बावजूद मौजूदा दौर में 11 करोड़ रुपये की शुरुआत को अच्छा माना जा रहा है।

फिल्म का निर्देशन वरुण धवन के पिता डेविड धवन ने किया है। यह फिल्म उनके करियर की आखिरी निर्देशित फिल्म मानी जा रही है, क्योंकि उन्होंने इसके बाद फिल्म निर्देशन से संन्यास लेने का फैसला किया है। डेविड धवन ने अपने लंबे करियर में कई सुपरहिट कॉमेडी और एंटरटेनमेंट फिल्मों का निर्देशन किया है। खासतौर पर गोविंदा के साथ उनकी जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में दी हैं।

फिल्म में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। इसके अलावा चंकी पांडे, जिमी शेरगिल, मनीष पॉल और मौनी रॉय भी अहम किरदार निभा रहे हैं।

वरुण धवन के लिए साल 2026 अब तक शानदार साबित हो रहा है। ‘बॉर्डर 2’ की सफलता के बाद अब ‘है जवानी तो इश्क होना है’ से भी उन्हें बड़ी उम्मीदें हैं। फिल्म का पहला वीकेंड इसके भविष्य के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसी दौरान तय होगा कि यह बॉक्स ऑफिस पर लंबी रेस का घोड़ा साबित होगी या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *