पंजाब की महिलाओं को 1 जुलाई से मिलेगा ₹1500 , मान सरकार ने खोला 9300 करोड़ का खजाना

Knews Desk– पंजाब की महिलाओं के लिए राज्य सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की है कि 1 जुलाई 2026 से राज्य की पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना के तहत मासिक आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना के लिए सरकार ने बजट में 9300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में मदद करना है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

सरकार के अनुसार, योजना का लाभ पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए राज्यभर में करीब दो लाख महिला सत्कार सखियों को पंजीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। महिलाओं का पंजीकरण आंगनवाड़ी केंद्रों, सेवा केंद्रों और जिला प्रशासन द्वारा तय अन्य स्थानों पर किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह योजना महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को मजबूत करेगी और परिवारों की वित्तीय स्थिति में सुधार लाने में मददगार साबित होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ ले रही महिलाएं भी इस योजना के लिए पात्र होंगी।

राज्य सरकार का दावा है कि यह योजना आम आदमी पार्टी के प्रमुख चुनावी वादों में से एक थी और अब इसे जमीन पर उतारा जा रहा है। सरकार का मानना है कि इससे महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ-साथ ग्रामीण और शहरी परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *