KNEWS DESK – बकरीद का त्योहार नजदीक आते ही देशभर में ईद-उल-अजहा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच टीवी एक्ट्रेस Sara Khan का एक सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। एक्ट्रेस ने बकरीद के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं देने के साथ-साथ पशुओं की कुर्बानी को लेकर अपनी राय भी खुलकर रखी है।
सारा खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने ईद-उल-अजहा के आध्यात्मिक महत्व पर बात की। वीडियो में उन्होंने कहा कि अल्लाह को न मांस चाहिए और न खून, बल्कि इंसान की नीयत, रहमदिली और दिल की सच्चाई मायने रखती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहार को दया, इंसानियत और जरूरतमंदों की मदद के रूप में मनाया जाए।
वीडियो में लिखा गया है कि ईद-उल-अजहा सिर्फ नए कपड़े पहनने, स्वादिष्ट खाना खाने या रस्में निभाने का त्योहार नहीं है। यह त्योहार हजरत इब्राहिम की कुर्बानी, अल्लाह पर भरोसा और सच्ची नीयत की सीख देता है। साथ ही इसमें यह भी कहा गया कि असली कुर्बानी इंसान के घमंड, बुराइयों और स्वार्थ की होनी चाहिए।
https://www.instagram.com/reels/DY3-OPLIOAG/
सारा खान ने अपने मैसेज में लोगों से भूखों को खाना खिलाने, बेसहारा लोगों की मदद करने और बेहतर इंसान बनने की कोशिश करने की अपील की। उन्होंने लिखा कि इस ईद पर मोहब्बत, नरमी और इंसानियत को बढ़ावा देना सबसे जरूरी है।
हालांकि सोशल मीडिया पर उनके इस वीडियो को लेकर लोगों की राय बंटी हुई नजर आ रही है। कुछ यूजर्स सारा खान के संदेश का समर्थन कर रहे हैं और इसे इंसानियत का पैगाम बता रहे हैं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि धार्मिक परंपराओं पर सवाल उठाना सही नहीं है।
फिलहाल सारा खान का यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।