अचानक बदला अर्शदीप सिंह का इंस्टाग्राम, वायरल पोस्ट भी किए डिलीट

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 खत्म होते ही पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज Arshdeep Singh एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए हैं। इस बार वजह उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि इंस्टाग्राम अकाउंट में किया गया बड़ा बदलाव है। अर्शदीप ने अचानक अपने इंस्टाग्राम से 200 से ज्यादा पोस्ट डिलीट कर दिए हैं और साथ ही अपनी डिस्प्ले पिक्चर (DP) भी बदल दी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 25 मई की रात अर्शदीप ने अपने अकाउंट से बड़ी संख्या में पोस्ट हटाए। पहले जहां उनके प्रोफाइल पर 200 से ज्यादा पोस्ट थे, अब यह संख्या घटकर करीब 40 रह गई है। खास बात यह है कि जिन पोस्ट को हटाया गया उनमें Virat Kohli के साथ उनका वायरल रील भी शामिल था, जिसे चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान बनाया गया था। उस वीडियो को सोशल मीडिया पर करोड़ों बार देखा गया था।

इसके अलावा पंजाब किंग्स से जुड़े कई पोस्ट भी हटाए गए हैं, हालांकि टीम से जुड़े कुछ पोस्ट अभी भी उनके अकाउंट पर मौजूद हैं। फिलहाल अर्शदीप ने इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, जिससे फैंस के बीच कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।

सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग अंदाजे लगा रहे हैं। कुछ यूजर्स का मानना है कि यह पूरी तरह निजी फैसला हो सकता है, जबकि कुछ इसे आईपीएल सीजन और हालिया ट्रोलिंग से जोड़कर देख रहे हैं।

दरअसल, पिछले कुछ हफ्तों में अर्शदीप सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल हुए थे। इसी महीने उनका एक वीडियो Tilak Varma के साथ वायरल हुआ था, जिसमें उनके एक कमेंट को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। इस वीडियो पर भारत के पूर्व क्रिकेटर Laxman Sivaramakrishnan ने भी नाराजगी जाहिर की थी।

अगर IPL 2026 में अर्शदीप सिंह के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 14 मैचों में 14 विकेट लिए। हालांकि इस दौरान उनकी इकॉनमी 10.21 रही, जो उनके लिए चिंता का विषय रही। पंजाब किंग्स के लिए यह सीजन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और टीम का सफर भी जल्दी खत्म हो गया।

अब फैंस इस इंतजार में हैं कि आखिर अर्शदीप सिंह इस सोशल मीडिया बदलाव के पीछे की असली वजह कब सामने लाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *