ट्विशा के बाद श्वेता… लखनऊ में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, 6 महीने पहले हुई थी शादी

KNEWS DESK- लखनऊ से एक दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 6 महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह घटना ठाकुरगंज इलाके के काशी विहार कॉलोनी की है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।

मृतका की पहचान 29 वर्षीय श्वेता सिंह के रूप में हुई है, जिनका शव सोमवार सुबह उनके ससुराल में फंदे से लटका मिला। इस घटना के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं और इसे दहेज हत्या बताया है।

परिजनों का कहना है कि श्वेता की शादी 22 नवंबर 2025 को शिवम सिंह से हुई थी, जो एक निजी लैब में काम करता है। शादी के बाद से ही उसे दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पिता उमेश कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था और कई बार कीमती सामान की मांग भी की गई।

घटना से पहले की परिस्थितियों को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। श्वेता के भाई आशुतोष सिंह ने बताया कि वह एक दिन पहले ही अपनी मां से मिलने अस्पताल गई थी, जहां उन्होंने सामान्य बातचीत की थी और किसी तनाव का जिक्र नहीं किया था। इसके बाद अगले ही दिन उसकी मौत की खबर ने परिवार को तोड़ दिया।

परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने घटना के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की। उनका कहना है कि शव को फंदे से उतारकर आनन-फानन में केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जिससे मामले पर संदेह और बढ़ गया है।

पुलिस ने इस मामले में दहेज हत्या के तहत केस दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा केस से मिलता-जुलता बताया जा रहा है, जहां भी शादी के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी और परिजनों ने दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। अब लखनऊ का यह मामला भी उसी पैटर्न पर सवाल खड़े कर रहा है और जांच एजेंसियों पर निष्पक्ष जांच का दबाव बढ़ गया है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *