KNEWS DESK – फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ छोड़ने के बाद अभिनेता Ranveer Singh लगातार विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। फिल्म इंडस्ट्री में इस मुद्दे ने अब बड़ा रूप ले लिया है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉई (FWICE) ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी कर दिया है, जिसके बाद इंडस्ट्री में हलचल मच गई है। इस फैसले के तहत फिल्म निर्माताओं और प्रोडक्शन हाउस से रणवीर सिंह के साथ काम न करने की अपील की गई है।
इसी विवाद के बीच रणवीर सिंह पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आए। उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया, जहां उनका बदला-बदला अंदाज देखने को मिला। आमतौर पर एनर्जेटिक और खुशमिजाज नजर आने वाले रणवीर इस बार बेहद शांत दिखाई दिए। सफेद कुर्ता-पजामा और नेहरू जैकेट में नजर आए अभिनेता ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था और बिना किसी से बातचीत किए सीधे एयरपोर्ट के अंदर चले गए। उनके साथ सिक्योरिटी टीम भी मौजूद थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियोज में रणवीर सिंह काफी गंभीर नजर आए। पैपराजी को देखकर भी उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, जिससे फैंस के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि ‘डॉन 3’ विवाद का असर अब अभिनेता पर साफ दिखाई देने लगा है।
https://www.instagram.com/reels/DYxlxCiKX4p/
दरअसल, Farhan Akhtar की फिल्म ‘डॉन 3’ में रणवीर सिंह को मुख्य भूमिका में लिया गया था। फिल्म की आधिकारिक घोषणा भी हो चुकी थी और प्री-प्रोडक्शन का काम तेजी से चल रहा था। लेकिन अचानक रणवीर के फिल्म से अलग होने की खबर सामने आई। बताया गया कि फिल्म की तैयारियों पर करीब 45 करोड़ रुपये खर्च हो चुके थे।
फरहान अख्तर ने इस मामले को लेकर इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (IFTDA) में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद मामला FWICE तक पहुंचा और अब रणवीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई है। हालांकि, अभिनेता की ओर से अभी तक इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।