KNEWS DESK- आईपीएल 2026 के क्वालिफायर 1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाला मुकाबला अब सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि फाइनल के टिकट का बड़ा संग्राम बन गया है। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले का टॉस शाम 7 बजे और पहली गेंद 7:30 बजे फेंकी जाएगी। दोनों टीमें इस सीजन शानदार फॉर्म में रही हैं, लेकिन इस मैच को खास बना रही हैं वो 4 बड़ी वजहें, जिन्होंने रोमांच को और बढ़ा दिया है।
पहली वजह है गुजरात टाइटंस का धर्मशाला में अनुभव की कमी। साल 2022 में लीग में आने के बाद यह पहला मौका होगा जब Gujarat Titans इस मैदान पर खेलेगी। वहीं दूसरी ओर Royal Challengers Bengaluru यहां पहले भी खेल चुकी है और IPL 2026 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 222 रन बनाकर जीत दर्ज कर चुकी है।
दूसरी बड़ी वजह है दोनों टीमों का प्लेऑफ में पहली बार आमना-सामना करना। अब तक आईपीएल में RCB और GT के बीच 8 मुकाबले हुए हैं, जिसमें दोनों ने 4-4 मैच जीते हैं। लेकिन प्लेऑफ में यह उनकी पहली भिड़ंत है, जिससे दबाव और रोमांच दोनों बढ़ गए हैं।
तीसरी वजह पिछले तीन सीजन का समान प्रदर्शन है। 2023 से अब तक दोनों टीमें लीग की सबसे मजबूत टीमों में रही हैं। आंकड़ों के मुताबिक RCB और GT दोनों ने इस दौरान 34-34 मैच जीते हैं और 24-24 मुकाबले हारे हैं, जिससे दोनों का प्रदर्शन लगभग बराबरी पर रहा है।
चौथी और सबसे अहम वजह है फाइनल का टिकट। क्वालिफायर 1 जीतने वाली टीम सीधे आईपीएल फाइनल में पहुंचेगी। खास बात यह है कि अब तक 12 बार क्वालिफायर 1 जीतने वाली टीम ही चैंपियन बनी है, जिसमें पिछले 8 सीजन लगातार शामिल हैं। यही आंकड़ा इस मुकाबले को और भी ज्यादा महत्वपूर्ण बना देता है। अब देखना होगा कि इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में कौन सी टीम दबाव संभालकर सीधे फाइनल का टिकट हासिल करती है।