वैभव सूर्यवंशी के साथ फोटो खिंचवाने से क्यों पीछे हटे रियान पराग? वीडियो वायरल

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 के बीच राजस्थान रॉयल्स से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कप्तान Riyan Parag और युवा बल्लेबाज Vaibhav Suryavanshi नजर आ रहे हैं। यह वीडियो मुंबई एयरपोर्ट का बताया जा रहा है, जहां दोनों खिलाड़ी टीम के साथ ट्रैवल कर रहे थे।

वीडियो में देखा जा सकता है कि पापराजी ने रियान पराग से वैभव सूर्यवंशी के साथ फोटो खिंचवाने की रिक्वेस्ट की, लेकिन उन्होंने मुस्कुराते हुए इसे इनकार कर दिया। रियान ने इस पर कहा, “हम कोई फिल्म स्टार नहीं हैं।” उनका यह जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग थोड़े हैरान रह गए।

इसी दौरान वैभव सूर्यवंशी रियान की ओर हल्की मुस्कान के साथ देखते नजर आए। हालांकि माहौल ज्यादा देर तक गंभीर नहीं रहा। कुछ ही देर बाद पापराजी ने वैभव की तारीफ करते हुए कहा कि वह किसी स्टार से कम नहीं हैं और आने वाले समय में बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। इसके बाद वैभव ने मुस्कुराते हुए पापराजी के साथ फोटो और सेल्फी भी ली।

यह घटना उस समय की है जब राजस्थान रॉयल्स की टीम मुंबई से एलिमिनेटर मुकाबले के लिए रवाना हो रही थी। टीम को अगले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करना है, जो न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।

टीम के प्रदर्शन की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी इस सीजन में शानदार फॉर्म में रहे हैं। उन्होंने 14 मैचों में 583 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 232.27 रही है, जो उन्हें इस सीजन के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक बनाती है।

वहीं कप्तान रियान पराग ने भी टीम के लिए अहम योगदान दिया है। उन्होंने 12 पारियों में 272 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 90 रन रहा है।

इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ लोग रियान पराग के जवाब को सामान्य बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे अलग नजरिए से देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *