Knews Desk- भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में रविवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। दूसरे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्विशा शर्मा का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया। शवगृह के बाहर परिवार के सदस्य बेहद भावुक नजर आए। परिजन रोते-बिलखते दिखाई दिए और माहौल गमगीन हो गया।
दरअसल, ट्विशा की मौत के बाद परिवार ने पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाए थे। इसके बाद हाई कोर्ट के आदेश पर AIIMS दिल्ली के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने भोपाल पहुंचकर दोबारा पोस्टमार्टम किया। मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पूरी प्रक्रिया पूरी की गई। परिवार को उम्मीद है कि दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामले की सच्चाई सामने आएगी।
री-पोस्टमार्टम के बाद प्रशासन ने शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिवार शव को लेकर घर के लिए रवाना हो गया। वहीं अब अंतिम संस्कार की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि भोपाल के भदभदा शमशान घाट में ट्विशा का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इधर, मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह से SIT की पूछताछ लगातार जारी है। पुलिस मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और अन्य डिजिटल सबूतों के आधार पर जांच कर रही है। पूरे मामले पर प्रदेशभर की नजर बनी हुई है और सोशल मीडिया पर भी लोग ट्विशा को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।