चेहरे पर शिकन तक नहीं थी’… ट्विशा केस में समर्थ के रवैये ने बढ़ाए शक

Knews Desk– भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच लगातार गहराती जा रही है। इस बीच SIT की पूछताछ में ट्विशा के पति समर्थ सिंह को लेकर कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान समर्थ करीब दो घंटे तक जांच टीम को गुमराह करता रहा। अधिकारियों का कहना है कि इतने गंभीर मामले के बावजूद उसके चेहरे पर कोई तनाव या घबराहट नजर नहीं आ रही थी।

SIT ने समर्थ से ट्विशा की मौत वाली रात की घटनाओं को लेकर कई सवाल पूछे। शुरुआत में उसने अलग-अलग बयान दिए और जांच को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, समर्थ बार-बार अपनी बात बदल रहा था, जिससे जांच अधिकारियों को उस पर शक और गहरा गया।

जांच टीम का कहना है कि पूछताछ के दौरान समर्थ पूरी तरह सामान्य दिख रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, इतने संवेदनशील मामले में आरोपी का व्यवहार कई सवाल खड़े करता है। पुलिस अब मोबाइल चैट, कॉल डिटेल, CCTV फुटेज और फॉरेंसिक रिपोर्ट के जरिए घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

इधर, हाई कोर्ट के आदेश के बाद ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम भी शुरू हो चुका है। AIIMS दिल्ली के डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंची है और माना जा रहा है कि नई रिपोर्ट से कई अहम खुलासे हो सकते हैं। परिवार लगातार हत्या की आशंका जता रहा है और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।

ट्विशा शर्मा केस अब सिर्फ एक संदिग्ध मौत का मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह देशभर में चर्चा का विषय बन चुका है। सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *