KNEWS DESK- भारतीय ऑटो सेक्टर में अब एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। देश की प्रमुख कार निर्माता Maruti Suzuki जल्द ही भारत की पहली फ्लेक्स फ्यूल कार पेश करने जा रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari ने जानकारी दी है कि कंपनी 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर अपनी नई फ्लेक्स फ्यूल कार लॉन्च करेगी।

यह लॉन्च इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि फिलहाल भारतीय बाजार में कोई भी फ्लेक्स फ्यूल फोर-व्हीलर बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मारुति की यह नई पेशकश भारतीय ऑटो इंडस्ट्री में एक नई शुरुआत मानी जा रही है।
क्या होती है फ्लेक्स फ्यूल कार?
फ्लेक्स फ्यूल कार ऐसी गाड़ियां होती हैं जो सामान्य पेट्रोल के साथ-साथ इथेनॉल मिश्रित ईंधन पर भी चल सकती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारुति की आने वाली कार E100 यानी 100 प्रतिशत इथेनॉल पर चलने में सक्षम हो सकती है। इस तकनीक के लिए कार में खास तरह का इंजन, फ्यूल सिस्टम और इग्निशन सेटअप इस्तेमाल किया जाता है, ताकि वाहन अलग-अलग प्रकार के इंधन पर आसानी से चल सके।
पहले भी दिखा चुकी है फ्लेक्स फ्यूल तकनीक
मारुति और उसकी पैरेंट कंपनी Suzuki पहले भी फ्लेक्स फ्यूल तकनीक पर काम कर चुकी हैं। जापान मोबिलिटी शो में कंपनी ने Suzuki Fronx का फ्लेक्स फ्यूल मॉडल पेश किया था, जो E85 यानी 85 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चल सकता था।

इसके अलावा कंपनी ने कुछ समय पहले Maruti Suzuki WagonR का फ्लेक्स फ्यूल प्रोटोटाइप भी पेश किया था, जो E20 और E85 दोनों तरह के ईंधन पर चल सकता था। अब माना जा रहा है कि कंपनी इसी तकनीक को और आगे बढ़ाते हुए E100 सपोर्ट वाली कार बाजार में उतार सकती है।
फ्लेक्स फ्यूल कार के क्या होंगे फायदे?

फ्लेक्स फ्यूल तकनीक को भविष्य का बड़ा ईंधन विकल्प माना जा रहा है। इथेनॉल आधारित ईंधन का इस्तेमाल करने से पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम हो सकती है। साथ ही ऐसे वाहन कम प्रदूषण फैलाते हैं और पर्यावरण के लिए बेहतर माने जाते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, लंबे समय में यह तकनीक लोगों के ईंधन खर्च को कम करने में भी मदद कर सकती है। यही वजह है कि सरकार भी ग्रीन फ्यूल तकनीक को तेजी से बढ़ावा दे रही है।
भारतीय ऑटो बाजार में बड़ा बदलाव
मारुति की यह नई फ्लेक्स फ्यूल कार भारतीय बाजार में ग्रीन मोबिलिटी की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। अगर यह तकनीक सफल रहती है तो आने वाले समय में दूसरी कंपनियां भी फ्लेक्स फ्यूल मॉडल लॉन्च कर सकती हैं। इससे देश में वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिल सकती है।