Knews Desk- भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद शनिवार को समर्थ सिंह का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस रिमांड की मांग कर सकती है। समर्थ सिंह को शुक्रवार को जबलपुर कोर्ट परिसर से हिरासत में लिया गया था। बताया जा रहा है कि वह कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया। इसके बाद देर रात उसे भोपाल लाया गया, जहां उससे शुरुआती पूछताछ की गई।
पुलिस अब समर्थ सिंह से ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब तलाश रही है। जांच एजेंसियां घटना वाली रात की परिस्थितियों, दोनों के रिश्तों और मौत से पहले की गतिविधियों को लेकर पूछताछ कर रही हैं। माना जा रहा है कि पुलिस कोर्ट से रिमांड लेकर उससे गहन पूछताछ करना चाहती है।
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। परिवार ने इसे दहेज और प्रताड़ना से जुड़ा मामला बताया है, जबकि पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है। मामले में समर्थ सिंह की मां और पूर्व न्यायिक अधिकारी गिरिबाला सिंह का नाम भी सामने आया है।
इधर, ट्विशा के परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं मध्य प्रदेश हाई कोर्ट भी इस केस पर नजर बनाए हुए है। मामले में दूसरे पोस्टमार्टम और CBI जांच की मांग को लेकर भी कानूनी प्रक्रिया जारी है। अब सभी की नजर कोर्ट की सुनवाई और पुलिस रिमांड पर टिकी हुई है, क्योंकि जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि समर्थ सिंह से पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।