IPL 2026: हार के बाद भी RCB की बल्ले-बल्ले, टॉप पर रहकर मिला डबल फायदा

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 के लीग स्टेज का रोमांचक अंत हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में देखने को मिला, जहां Sunrisers Hyderabad ने Royal Challengers Bengaluru को 55 रनों से करारी शिकस्त दी। हालांकि इस हार के बावजूद आरसीबी के चेहरे पर मुस्कान बनी रही, क्योंकि टीम अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर कायम रही और उसे फाइनल में पहुंचने के लिए दो मौके मिल गए।

हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और शुरुआत से ही आरसीबी के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की विस्फोटक ओपनिंग जोड़ी ने सिर्फ 4 ओवर में 45 रन जोड़ दिए। हालांकि रसिख सलाम डार ने हेड को आउट कर आरसीबी को पहली सफलता दिलाई।

इसके बाद अभिषेक शर्मा ने इशान किशन के साथ मिलकर तूफानी बल्लेबाजी की। अभिषेक ने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 22 गेंदों पर 56 रन बनाकर आउट हुए। दूसरी ओर इशान किशन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 79 रन ठोके। हेनरिक क्लासेन ने भी 24 गेंदों पर 51 रन बनाकर टीम का स्कोर तेजी से आगे बढ़ाया। अंत में नीतीश रेड्डी ने 12 गेंदों पर नाबाद 29 रन बनाकर हैदराबाद को 20 ओवर में 255 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।

256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। वेंकटेश अय्यर ने जरूर 19 गेंदों पर 44 रन बनाकर तेज शुरुआत दी, लेकिन उनके आउट होते ही टीम की रनगति धीमी पड़ गई। विराट कोहली सिर्फ 15 रन बनाकर साकिब हुसैन का शिकार बने, जबकि देवदत्त पडिक्कल 21 रन ही बना सके।

कप्तान रजत पाटीदार ने 56 रनों की पारी खेली, लेकिन उनकी बल्लेबाजी में वह तेजी नहीं दिखी जिसकी टीम को जरूरत थी। क्रुणाल पंड्या ने नाबाद 41 और टिम डेविड ने 15 रन जरूर बनाए, लेकिन तब तक मैच आरसीबी की पकड़ से बाहर जा चुका था। पूरी टीम 20 ओवर में 200 रन ही बना सकी और मुकाबला 55 रन से हार गई।

हालांकि इस हार से आरसीबी को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। टीम ने लीग स्टेज में 14 में से 9 मुकाबले जीतकर 18 अंक हासिल किए और बेहतर नेट रनरेट के आधार पर अंक तालिका में पहला स्थान बरकरार रखा। गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के भी 18-18 अंक रहे, लेकिन नेट रनरेट में वे पीछे रह गए।

अब प्लेऑफ में पहला क्वालिफायर आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा। यही वजह है कि हार के बावजूद आरसीबी के लिए यह मुकाबला ज्यादा नुकसानदायक साबित नहीं हुआ।

वहीं प्लेऑफ की चौथी सीट के लिए रोमांच अभी बाकी है। राजस्थान के पास मौका है कि वह मुंबई को हराकर प्लेऑफ में जगह बना ले। अगर राजस्थान हारता है, तो कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए रास्ता खुल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *