Knews Desk- भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में शुक्रवार को बड़ा कानूनी घटनाक्रम सामने आया। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने ट्विशा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम कराने की अनुमति दे दी है। कोर्ट ने कहा कि दोबारा पोस्टमार्टम जल्द से जल्द कराया जाए ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।
इसी बीच मामले के मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने भी सरेंडर करने की इच्छा जताई है। हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान समर्थ सिंह के वकील ने कहा कि वह ट्रायल कोर्ट के सामने आत्मसमर्पण करने को तैयार हैं। हालांकि, सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने इस पर आपत्ति भी जताई। 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी बताई गई थी, लेकिन शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई। इसके बाद परिवार ने AIIMS में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग उठाई थी।

मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस लगातार समर्थ सिंह की तलाश कर रही थी, जबकि वह पिछले कई दिनों से फरार बताए जा रहे थे।
इस केस में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। CCTV फुटेज, वायरल चैट्स और परिवार के आरोपों ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। ट्विशा के परिजन लगातार निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब दूसरे पोस्टमार्टम और समर्थ सिंह के संभावित सरेंडर के बाद मामले की जांच नई दिशा में बढ़ती नजर आ रही है।