हमारी लड़ाई कमजोर करने की कोशिश… बहन ट्विशा की मौत पर भाई का भावुक बयान

Knews Desk- भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामला लगातार उलझता जा रहा है। अब इस केस में मृतका के भाई आशीष शर्मा ने पुलिस जांच पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि मामले में प्रभावशाली लोगों के दबाव में लीपापोती की जा रही है और परिवार को न्याय दिलाने में देरी की जा रही है।

आशीष शर्मा ने कहा कि उनकी बहन की मौत को सामान्य आत्महत्या दिखाने की कोशिश की जा रही है, जबकि परिवार शुरू से ही इसे संदिग्ध मान रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई अहम सबूतों को नजरअंदाज किया गया और जांच सही दिशा में नहीं बढ़ रही। परिवार ने पोस्टमार्टम प्रक्रिया, सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस बीच मामले में एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। त्विषा की सास और पूर्व जिला जज गिरीबाला सिंह ने अदालत में याचिका दायर कर दावा किया है कि पुलिस द्वारा जब्त किए गए डीवीआर डेटा में समय का अंतर पाया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के साथ छेड़छाड़ हो सकती है।

वहीं दूसरी तरफ,ट्विशा के परिवार ने कोर्ट से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। उनका कहना है कि शरीर पर मिले कुछ चोटों के निशान मौत से पहले के हो सकते हैं और इन्हें गंभीरता से जांचा जाना चाहिए। मामले में फरार पति समर्थ सिंह की मुश्किलें भी बढ़ती जा रही हैं। उसने हाईकोर्ट में एक और जमानत याचिका दाखिल की है, जबकि पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

इस हाई-प्रोफाइल केस ने पूरे देश का ध्यान खींच लिया है। बढ़ते विवाद और जांच पर उठते सवालों के बीच मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश भी कर दी है। अब सबकी नजर आगे की जांच और अदालत के अगले कदम पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *