गुजरात टाइटन्स का जलवा, CSK को 89 रनों से रौंदा, चेन्नई का प्लेऑफ खेलने का सपना टूटा

KNEWS DESK- अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 66वें मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों से हराकर प्लेऑफ की रेस से बाहर कर दिया। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 229 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में चेन्नई की पूरी टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर सिमट गई। इस शानदार जीत के साथ गुजरात टाइटन्स के 14 मैचों में 18 अंक हो गए हैं और टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना टूट गया।

गुजरात की बल्लेबाजी की बात करें तो साई सुदर्शन ने एक बार फिर धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 84 रनों की शानदार पारी खेली। कप्तान शुभमन गिल ने भी आक्रामक अंदाज में 64 रन बनाए और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। अंत में जोस बटलर ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 27 गेंदों में नाबाद 57 रन जड़ दिए, जिससे गुजरात का स्कोर 229 तक पहुंच गया। चेन्नई के गेंदबाज पूरे मैच में दबाव में नजर आए और गुजरात के बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे।

230 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़ और उर्विल पटेल के विकेट गंवा दिए। इन तीनों बल्लेबाजों को मोहम्मद सिराज ने पवेलियन भेजा। इसके बाद मैथ्यू शॉर्ट और कार्तिक शर्मा भी ज्यादा देर टिक नहीं सके, जिससे चेन्नई का स्कोर 63 रन पर 5 विकेट हो गया।

हालांकि शिवम दुबे ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 47 रन बनाकर मैच में उम्मीद जगाई, लेकिन राशिद खान ने उनका विकेट लेकर चेन्नई की आखिरी उम्मीद भी खत्म कर दी। दुबे के आउट होते ही पूरी टीम लड़खड़ा गई और लगातार विकेट गिरते चले गए। गुजरात की ओर से मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और राशिद खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए।

इस जीत के साथ गुजरात टाइटन्स ने प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स का इस सीजन का सफर लगभग समाप्त हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *