KNEWS DESK – Tejasswi Prakash और Karan Kundrra एक बार फिर अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। टीवी इंडस्ट्री की इस फेमस जोड़ी ने अब अपने रिश्ते को नया नाम देने की तैयारी कर ली है। हाल ही में करण कुंद्रा ने एक रियलिटी शो के दौरान तेजस्वी को बेहद रोमांटिक अंदाज में प्रपोज किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुए नए रियलिटी शो Desi Bling के फिनाले एपिसोड में करण कुंद्रा ने तेजस्वी के लिए खास सरप्राइज प्लान किया था। शो के दौरान पूरा माहौल बेहद रोमांटिक बना दिया गया था। चारों तरफ खूबसूरत लाइट्स, फूलों की सजावट और पानी पर लिखा “Will You Marry Me” इस पल को और भी खास बना रहा था।
वीडियो में देखा जा सकता है कि तेजस्वी शुरुआत में कुछ समझ नहीं पातीं, लेकिन तभी करण उनके सामने घुटनों पर बैठ जाते हैं और हाथ में डायमंड रिंग लेकर उन्हें प्रपोज करते हैं। करण कहते हैं, “तेजस्वी प्रकाश, विल यू मैरी मी?” ये सुनते ही तेजस्वी भावुक हो जाती हैं और उनकी आंखों में आंसू आ जाते हैं।
तेजस्वी ने मुस्कुराते हुए करण के प्रपोजल को स्वीकार कर लिया। इसके बाद करण ने उन्हें अंगूठी पहनाई और दोनों ने एक-दूसरे को गले लगा लिया। शो में मौजूद बाकी कंटेस्टेंट्स और मेहमान भी इस खूबसूरत पल को देखकर भावुक हो गए और तालियों के साथ दोनों को बधाई देने लगे।
इस रोमांटिक प्रपोजल का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। फैंस इस वीडियो को खूब शेयर कर रहे हैं और कमेंट सेक्शन में दोनों पर प्यार बरसा रहे हैं। कई लोगों ने लिखा, “आखिरकार इंतजार खत्म हुआ”, तो कुछ ने दोनों की जोड़ी को “परफेक्ट कपल” बताया।
बता दें कि तेजस्वी प्रकाश और करण कुंद्रा की लव स्टोरी की शुरुआत Bigg Boss 15 से हुई थी। शो के दौरान दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और तभी से फैंस उन्हें प्यार से “तेजरान” कहकर बुलाते हैं। पिछले चार साल से दोनों एक-दूसरे के साथ हैं और अब उनका रिश्ता शादी तक पहुंचता नजर आ रहा है।