KNEWS DESK- 2019 के पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े एक बड़े आतंकी के मारे जाने की खबर सामने आई है। पुलवामा हमले के कथित मास्टरमाइंड में शामिल आतंकी हमजा बुरहान को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। बताया जा रहा है कि हमले में उसकी मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार हमजा बुरहान उस समय अपने ऑफिस में मौजूद था, जब कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलीबारी में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। हालांकि हमलावर कौन थे, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सूत्रों के मुताबिक हमजा बुरहान 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले की साजिश में शामिल था। इस हमले में CRPF के 40 से अधिक जवान शहीद हुए थे। हमजा खुद को पाकिस्तान में शिक्षक बताता था, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार वह लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों में सक्रिय था।
बताया जाता है कि वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकियों को ट्रेनिंग देने के साथ-साथ सीमा पार घुसपैठ में भी मदद करता था। 2019 के बाद भी उसका नाम कई आतंकी गतिविधियों से जुड़ता रहा। वह विभिन्न आतंकी संगठनों के साथ मिलकर काम कर रहा था और बॉर्डर एरिया में सक्रिय नेटवर्क का हिस्सा माना जाता था।
गौरतलब है कि पुलवामा हमले के बाद भारत ने 26 फरवरी 2019 को जवाबी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन बालाकोट को अंजाम दिया था। भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी कैंप पर एयर स्ट्राइक की थी, जिसमें बड़ी संख्या में आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया था।
पुलवामा हमला जम्मू-कश्मीर के इतिहास के सबसे बड़े आतंकी हमलों में से एक माना जाता है। इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया था। अब हमजा बुरहान की मौत को उसी नेटवर्क से जुड़े एक बड़े घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।