यूपी में हीटवेव का कहर, IMD ने जारी किया खतरनाक लू का अलर्ट, जाने कब मिलेगी राहत

Knews Desk– उत्तर प्रदेश में मई की भीषण गर्मी अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 21 मई को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक राज्य के कई जिलों में बेहद तेज और खतरनाक लू चलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले घंटों में हालात इतने खराब हो सकते हैं कि दिन के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा।

Image

मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में तेज लू का असर देखने को मिलेगा। इन इलाकों में सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान करेगी, जबकि दोपहर के समय गर्म हवाएं हालात को और गंभीर बना सकती हैं।

Image

इसके अलावा प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, सोनभद्र, रायबरेली, उन्नाव, फर्रुखाबाद, कन्नौज, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बागपत और कासगंज जैसे जिलों में भी झुलसाने वाली गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी यूपी में धूलभरी गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं, जबकि पूर्वांचल के कई इलाकों में उमस और गर्मी का डबल असर देखने को मिलेगा।

Image

इस बार सबसे ज्यादा चिंता रात के तापमान को लेकर जताई जा रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई जिलों में रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। लखनऊ, कानपुर, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, बलिया और झांसी समेत कई शहरों में रात के समय भी तापमान सामान्य से अधिक बना रह सकता है।

Image

विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार गर्म रातें लोगों की सेहत पर गंभीर असर डाल सकती हैं। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *