Knews Desk– देश में बढ़ती महंगाई का असर अब लोगों के पसंदीदा स्ट्रीट फूड पर भी साफ दिखाई देने लगा है। दिल्ली के मशहूर Sita Ram Diwan Chand ने अपने छोले-भटूरे की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। पहाड़गंज स्थित इस प्रसिद्ध दुकान पर अब ग्राहकों को एक प्लेट छोले-भटूरे के लिए पहले से ज्यादा पैसे चुकाने होंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, पहले जहां एक प्लेट छोले-भटूरे 95 रुपये में मिलती थी, वहीं अब इसकी कीमत बढ़ाकर 100 रुपये कर दी गई है। इसके अलावा सिंगल भटूरे की कीमत भी 55 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये कर दी गई है। दुकान संचालकों का कहना है कि कमर्शियल गैस और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की वजह से यह फैसला लेना पड़ा।

गैस संकट और महंगे ईंधन का असर
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है। इसका असर भारत में भी दिखाई देने लगा है। होटल, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड कारोबारियों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगे हो गए हैं। ऐसे में कारोबार चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
दुकान के कर्मचारियों का कहना है कि बिना कीमत बढ़ाए कारोबार का खर्च निकालना मुश्किल हो रहा था। हालांकि उनका यह भी कहना है कि अभी ग्राहकों की संख्या में कोई बड़ी कमी नहीं आई है और लोग पहले की तरह ही स्वाद का आनंद लेने पहुंच रहे हैं।
ग्राहकों पर सीमित असर
छोले-भटूरे खाने पहुंचे कई ग्राहकों का कहना है कि स्वाद और क्वालिटी के सामने 5-10 रुपये की बढ़ोतरी ज्यादा मायने नहीं रखती। लोगों का मानना है कि महंगाई का असर हर चीज पर पड़ रहा है, ऐसे में खानपान की चीजें भी इससे अछूती नहीं रह सकतीं।
स्ट्रीट फूड कारोबार पर बढ़ता दबाव
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ईंधन और गैस की कीमतों में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही, तो आने वाले समय में दूसरे फूड आउटलेट्स और रेस्तरां भी कीमतें बढ़ा सकते हैं। इसका असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा और स्ट्रीट फूड इंडस्ट्री की लागत भी लगातार बढ़ती जाएगी।