लखनऊ पर टूटा वैभव का कहर, राजस्थान ने 7 विकेट से दर्ज की बड़ी जीत

KNEWS DESK – राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के बेहद अहम मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराकर प्लेऑफ की रेस को और रोमांचक बना दिया। सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी पारी खेलते हुए राजस्थान की जीत की कहानी लिख दी। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान ने 221 रनों का विशाल लक्ष्य 19.1 ओवर में हासिल कर लिया।

इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। टीम ने अब तक 13 मैचों में 7 जीत दर्ज की हैं। अब 24 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाला मुकाबला राजस्थान के लिए करो या मरो का मैच होगा। अगर टीम वह मुकाबला जीत जाती है, तो प्लेऑफ का आखिरी टिकट अपने नाम कर लेगी।

221 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 39 गेंदों में 75 रन जोड़ दिए। यशस्वी जायसवाल ने 23 गेंदों में 43 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल रहे। उनके आउट होने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर लखनऊ के गेंदबाजों पर जबरदस्त हमला बोला।

वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 10 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। हालांकि वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दूसरी ओर ध्रुव जुरेल ने भी शानदार संयम दिखाते हुए 38 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए। डोनोवन फरेरा ने भी 16 रन की उपयोगी पारी खेली और टीम को जीत तक पहुंचाया।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने 5 विकेट खोकर 220 रन बनाए थे। मिशेल मार्श ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 57 गेंदों में 96 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं जोस इंग्लिस ने 29 गेंदों में 60 रन ठोक दिए। कप्तान ऋषभ पंत ने भी 35 रन का योगदान दिया।

लखनऊ की तरफ से गेंदबाजी में आकाश महाराज सिंह और मोहसिन खान को एक-एक विकेट मिला, लेकिन राजस्थान के बल्लेबाजों के सामने पूरी गेंदबाजी बेअसर नजर आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *