KNEWS DESK – एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस केस में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं, जिसने फिल्म और मॉडलिंग इंडस्ट्री को भी झकझोर कर रख दिया है। ट्विशा के परिवार ने उनके ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि दहेज की मांग को लेकर उन्हें प्रताड़ित किया गया और इसी कारण उनकी मौत हुई।
33 वर्षीय ट्विशा शर्मा पूर्व मिस पुणे रह चुकी थीं और कॉर्पोरेट सेक्टर के साथ-साथ ग्लैमर इंडस्ट्री में भी सक्रिय थीं। दिसंबर 2025 में उनकी शादी भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। लेकिन शादी के महज पांच महीने बाद, 12 मई 2026 को उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
इस खबर के सामने आने के बाद से ट्विशा के साथ काम कर चुके कलाकार और निर्देशक भी गहरे सदमे में हैं। हाल ही में तेलुगू फिल्म ‘मुगुरो मोनागल्लू’ में उनके साथ काम कर चुके अभिनेता धीक्षित शेट्टी ने इस घटना पर दुख जताया।
एक इंटरव्यू में धीक्षित शेट्टी ने कहा कि ट्विशा बेहद मेहनती और अपने काम के प्रति समर्पित लड़की थीं। उनके मुताबिक, ट्विशा हमेशा ऊर्जा से भरी रहती थीं और उन्हें देखकर कभी ऐसा नहीं लगा कि वह जिंदगी से हार मानने वाली इंसान हैं।
धीक्षित ने कहा, “यह खबर मेरे लिए बेहद शॉकिंग है। मैंने हमेशा उन्हें एक हार्डवर्किंग और पॉजिटिव इंसान के रूप में देखा। यह मानना मुश्किल है कि उन्होंने खुद अपनी जान ली होगी।”
उन्होंने बताया कि आखिरी बार उनकी बातचीत करीब चार साल पहले हुई थी। दोनों लंबे समय से संपर्क में नहीं थे। अभिनेता ने यह भी कहा कि उन्हें ट्विशा की शादी के बारे में भी जानकारी नहीं थी।
धीक्षित शेट्टी के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग खत्म होने के बाद ट्विशा वापस चली गई थीं क्योंकि वह अपनी मास्टर्स की पढ़ाई पूरी करना चाहती थीं। उन्होंने बताया कि ट्विशा एक्टिंग को अपना स्थायी करियर नहीं बनाना चाहती थीं।
वहीं फिल्म के निर्देशक अभिलाश रेड्डी ने भी ट्विशा की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि वह ट्विशा के माता-पिता से फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान मिले थे और उनका परिवार बेहद अच्छा है।
अभिलाश रेड्डी ने कहा कि ट्विशा के परिवार के साथ बहुत बुरा हुआ है और इस घटना ने सभी को हिलाकर रख दिया है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। ट्विशा के परिवार ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाए हैं, जबकि मामले को लेकर कई सवाल अब भी बने हुए हैं। वहीं, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग लगातार ट्विशा को याद करते हुए सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।