BHU विवाद पर भड़के अखिलेश, बोले- शिक्षा संस्थानों को राजनीति का अखाड़ा बना रही बीजेपी

KNEWS DESK – समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। इस बार उन्होंने Banaras Hindu University के विवादित प्रश्नपत्र को लेकर बीजेपी को निशाने पर लिया।

मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीएचयू जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में जिस तरह के सवाल पूछे जा रहे हैं, वह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब एक सोची-समझी रणनीति के तहत किया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि पहले किसी समाज या वर्ग को बदनाम किया जाता है और फिर उसी मुद्दे पर सवाल पूछकर विवाद खड़ा किया जाता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ही इन सब घटनाओं के पीछे है और शिक्षा संस्थानों का माहौल खराब किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मदन मोहन मालवीय जैसे महान व्यक्तित्व द्वारा स्थापित संस्थान की गरिमा को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। अखिलेश के मुताबिक, देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों को राजनीति का अखाड़ा बनाया जा रहा है, जो शिक्षा व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है।

दरअसल, हाल ही में बीएचयू में आयोजित एक परीक्षा के प्रश्नपत्र में “ब्राह्मणवादी पितृसत्ता” से जुड़ा सवाल पूछे जाने के बाद विवाद शुरू हो गया। इस पर ब्राह्मण महासभा समेत कई संगठनों ने आपत्ति जताई और इसे ब्राह्मण समाज का अपमान बताया। इसके बाद मामला राजनीतिक रंग पकड़ता नजर आया।

अखिलेश यादव ने इस दौरान नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देशभर में लाखों छात्रों और उनके परिवारों का भविष्य प्रभावित हुआ है।

सपा प्रमुख ने कहा कि इतनी बड़ी घटना सामने आने के बावजूद सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक मामलों में बीजेपी से जुड़े लोगों के नाम भी सामने आए हैं। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि अब “NEET परीक्षा” नहीं बल्कि “लीक परीक्षा” बन गई है।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले से सिर्फ छात्र ही नहीं, बल्कि उनके परिवार भी मानसिक और आर्थिक परेशानी से गुजर रहे हैं। सरकार को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करना चाहिए।

इसके अलावा अखिलेश यादव ने पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बीजेपी को जनता को बताना चाहिए कि आखिर ईंधन के दाम लगातार क्यों बढ़ाए जा रहे हैं।

सपा सुप्रीमो ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम आदमी की जिंदगी मुश्किल होती जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार रुपये की गिरती कीमत पर खुलकर बात क्यों नहीं करती।

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे रुपया लगातार “पाताल लोक” की तरफ जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार आर्थिक मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है, जबकि जनता महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *