सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में सांप घुसने से मचा हड़कंप, रेस्क्यू टीम ने पकड़ा सुरक्षित

KNEWS DESK – बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। हालांकि इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म या सोशल मीडिया पोस्ट नहीं, बल्कि उनके घर में घुसा एक सांप बना है। मुंबई के बांद्रा स्थित सलमान खान के मशहूर गैलेक्सी अपार्टमेंट में सांप दिखाई देने के बाद वहां हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत रेस्क्यू टीम को बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।

जानकारी के मुताबिक, सांप गैलेक्सी अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर के पास देखा गया था। जैसे ही लोगों की नजर उस पर पड़ी, वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद तुरंत एक स्नेक कैचर को बुलाया गया। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने काफी सावधानी के साथ सांप को पकड़ा और उसे एक बैग में डालकर अधिकारियों के हवाले कर दिया।

इस दौरान पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और अपार्टमेंट में रहने वाले सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना के कई वीडियो और तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं, जिनमें रेस्क्यू टीम सांप को पकड़कर ले जाती नजर आ रही है।

दरअसल, सलमान खान अपने परिवार के साथ इसी गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहते हैं। यहां उनके माता-पिता और भाई भी रहते हैं, हालांकि सभी अलग-अलग फ्लोर पर रहते हैं। बांद्रा में समुद्र किनारे स्थित यह अपार्टमेंट लंबे समय से सलमान खान का स्थायी निवास रहा है और फैंस अक्सर यहां उनके दीदार के लिए जमा होते रहते हैं।

इस घटना के बाद कई लोगों को साल 2021 का वह मामला भी याद आ गया, जब सलमान खान को उनके पनवेल फार्महाउस पर सांप ने काट लिया था। उस समय सलमान एक सांप को कमरे से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे। बताया जाता है कि सांप उनके हाथ पर चढ़ गया था और उसे हटाने के दौरान उसने सलमान को तीन बार डस लिया था।

इसके बाद अभिनेता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि वह सांप जहरीला नहीं था और कुछ घंटों बाद ही सलमान खान को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।

वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों की तैयारियों में व्यस्त हैं। अभिनेता लगातार जिम में मेहनत कर रहे हैं और अपनी फिटनेस पर खास ध्यान दे रहे हैं। वहीं, उनके फैंस भी उनकी अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *