मैंगो मलाई रोल खाते ही बोल उठेंगे सब “वाह”… मिनटों में तैयार करें ये टेस्टी डेजर्ट, नोट करें आसान रेसिपी

KNEWS DESK- गर्मियों का मौसम आते ही आम से बनी स्वादिष्ट डिशेज की बहार आ जाती है। मैंगो शेक, आम्रखंड और आम की लस्सी तो आपने खूब खाई होगी, लेकिन इस बार ट्राई कीजिए बेहद टेस्टी और मुंह में घुल जाने वाला “मैंगो मलाई रोल”। यह ठंडा-ठंडा डेजर्ट न सिर्फ खाने में शानदार लगता है, बल्कि गर्मी में रिफ्रेशिंग ट्रीट का भी काम करता है। खास बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती।

स्टफिंग के लिए चाहिए ये चीजें

  • आधा कप कटे हुए पके आम
  • 100 ग्राम पनीर
  • 1/4 कप मिल्क पाउडर
  • 1/4 कप दूध
  • 1/4 कप चीनी
  • 2-3 बूंद येलो फूड कलर
  • आधा चम्मच इलायची पाउडर
  • 7 से 8 ब्रेड स्लाइस

प्यूरी बनाने के लिए सामग्री

  • 1 कप ठंडा दूध
  • आधा कप कटे हुए पके आम
  • 1 चम्मच चीनी
  • 2-3 बूंद येलो फूड कलर
  • 1 चम्मच पिस्ता कतरन

ऐसे तैयार करें मैंगो मलाई रोल

सबसे पहले मिक्सर जार में कटे हुए आम डालें। इसमें क्रम्बल किया हुआ पनीर, मिल्क पाउडर, दूध, चीनी, इलायची पाउडर और फूड कलर डालकर अच्छी तरह ब्लेंड कर लें।

https://www.instagram.com/reels/DXotGgzgXqx/

अब इस मिश्रण को पैन में डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए गाढ़ा होने तक पकाएं।

इसके बाद ब्रेड स्लाइस के किनारे काट लें और बेलन की मदद से उन्हें हल्का पतला कर लें। तैयार मिश्रण को हर ब्रेड पर फैलाकर रोल बना लें। सभी रोल्स को एक कंटेनर में सजा दें।

ऐसे बनाएं रिफ्रेशिंग मैंगो प्यूरी

मिक्सर में आम, ठंडा दूध, चीनी और फूड कलर डालकर ब्लेंड करें। इससे गाढ़ी और क्रीमी प्यूरी तैयार हो जाएगी। चाहें तो इसमें थोड़ा मिल्क पाउडर भी मिला सकते हैं।

ऐसे करें सर्व

तैयार रोल्स के ऊपर मैंगो प्यूरी डालें ताकि रोल अच्छी तरह उसे सोख लें। ऊपर से पिस्ता कतरन डालकर गार्निश करें। इसे तुरंत सर्व कर सकते हैं या कुछ देर फ्रिज में ठंडा करके परोसें। गर्मियों में ये मैंगो मलाई रोल बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *