KNEWS DESK – Narendra Modi इन दिनों पांच देशों की विदेश यात्रा पर हैं और अपने दौरे के चौथे चरण में वह Norway पहुंच चुके हैं। नॉर्वे अपनी बर्फीली वादियों, ऊंचे पहाड़ों, नॉर्दर्न लाइट्स और शानदार प्राकृतिक नजारों के लिए दुनियाभर में मशहूर है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में भी कुछ ऐसी जगहें मौजूद हैं, जिन्हें उनकी खूबसूरती की वजह से ‘मिनी नॉर्वे’ कहा जाता है?
भारत की ये जगहें अपने शांत वातावरण, बर्फ से ढकी चोटियों और प्राकृतिक सुंदरता के कारण नॉर्वे जैसी फील देती हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा Dibang Valley, Narkanda और Lahaul Valley की होती है।
दिबांग घाटी: भारत का छिपा हुआ स्वर्ग
अरुणाचल प्रदेश की दिबांग घाटी को भारत का असली ‘मिनी नॉर्वे’ माना जाता है। यहां की शांत वादियां, कम आबादी और हरियाली से घिरे पहाड़ किसी यूरोपीय देश का एहसास कराते हैं। U आकार की यह घाटी घुमावदार सड़कों और खूबसूरत प्राकृतिक दृश्यों के लिए जानी जाती है।

यह इलाका जैव विविधता का बड़ा केंद्र भी है। यहां मिशमी ताकिन और रेड पांडा जैसी दुर्लभ प्रजातियां पाई जाती हैं। यही वजह है कि प्रकृति प्रेमियों और एडवेंचर ट्रैवलर्स के बीच यह जगह तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
नारकंडा: हिमाचल का शांत हिल स्टेशन
Himachal Pradesh में स्थित नारकंडा अपनी बर्फीली चोटियों, देवदार के जंगलों और सेब के बागानों के लिए मशहूर है। यहां का शांत माहौल लोगों को नॉर्वे की खूबसूरत वादियों की याद दिलाता है।

नारकंडा का सबसे बड़ा आकर्षण हाटू पीक है, जहां से बर्फ से ढके पहाड़ों का अद्भुत नजारा दिखाई देता है। यहां मौजूद हाटू माता मंदिर और चारों तरफ फैले घास के मैदान इस जगह को और खास बनाते हैं।
सर्दियों में जब पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक जाता है, तो यहां का नजारा किसी विदेशी लोकेशन जैसा लगता है। यही वजह है कि इसे भारत का मिनी नॉर्वे कहा जाता है।
लाहौल घाटी: बर्फ, पहाड़ और सुकून
लाहौल घाटी भी भारत की उन खास जगहों में शामिल है, जिसकी तुलना नॉर्वे से की जाती है। Atal Tunnel और रोहतांग के आगे स्थित यह इलाका ठंडे रेगिस्तान जैसा दिखाई देता है।

यहां दूर-दूर तक फैले पहाड़, खुला आसमान और बर्फ से ढकी घाटियां पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देती हैं। सर्दियों में घाटी पूरी तरह बर्फ से ढक जाती है और चिनार के पेड़ इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं।