‘पति पत्नी और वो दो’ पर उठे सवालों पर बोले आयुष्मान खुराना, हमारी फिल्म बेवफाई को प्रमोट नहीं करती

KNEWS DESK – आयुष्मान खुराना की नई फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ इन दिनों सिनेमाघरों में चर्चा का विषय बनी हुई है. फिल्म का टाइटल सामने आते ही लोगों को अंदाजा हो गया था कि कहानी रिश्तों और एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स के इर्द-गिर्द घूमने वाली है. रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है, लेकिन इसके बावजूद वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ठीक-ठाक कमाई करने में सफल रही है.

फिल्म में रिश्तों के बीच पैदा होने वाले कन्फ्यूजन और कॉमेडी ऑफ एरर को दिखाया गया है. ट्रेलर रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी कि क्या फिल्म बेवफाई जैसी चीजों को बढ़ावा देती है. अब इस पूरे मुद्दे पर खुद आयुष्मान खुराना ने चुप्पी तोड़ी है और साफ कहा है कि फिल्म का मकसद गलत रिश्तों को प्रमोट करना नहीं है.

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में आयुष्मान खुराना ने कहा कि ‘पति पत्नी और वो दो’ एक हल्की-फुल्की फैमिली एंटरटेनर फिल्म है. उन्होंने कहा, “हम इस फिल्म के जरिए बेवफाई का समर्थन नहीं कर रहे हैं. हमारी फिल्म का मेल लीड अपनी पत्नी के प्रति पूरी तरह लॉयल रहता है. लेकिन कहानी ऐसे हालात पैदा करती है, जहां कॉमिक सिचुएशन बन जाती है.”

आयुष्मान ने आगे बताया कि वह हमेशा ऐसी फिल्में करना चाहते हैं जिन्हें पूरा परिवार साथ बैठकर देख सके. उन्होंने अपनी बेटी का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी 12 साल की बेटी वरुष्का ने फिल्म का एडिटेड वर्जन देखा और उसे काफी पसंद भी आया. आयुष्मान के मुताबिक, यही उनके लिए सबसे बड़ा पैमाना है कि उनकी फिल्में हर उम्र के दर्शकों को एंटरटेन कर पा रही हैं.

बॉक्स ऑफिस की बात करें तो फिल्म ने पहले दिन संतोषजनक शुरुआत की है. रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘पति पत्नी और वो दो’ ने ओपनिंग डे पर करीब 5.62 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर वीकेंड पर फिल्म को अच्छा वर्ड ऑफ माउथ मिलता है, तो इसकी कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है.

आयुष्मान खुराना के लिए पिछला कुछ समय बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा अच्छा नहीं रहा है. हालांकि उनकी फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया था और अब एक बार फिर वह कॉमेडी जॉनर के जरिए वापसी करने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे में सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या ‘पति पत्नी और वो दो’ आयुष्मान के लिए एक और हिट साबित होगी या नहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *