403 सीटों पर लड़ने की तैयारी और गठबंधन की बात… क्या अनुप्रिया पटेल कर रहीं प्रेशर पॉलिटिक्स?

knews desk – उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच अपना दल (एस) की अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने जालौन के उरई में ऐसा बयान दिया है, जिससे NDA के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि NDA के पांचों दल आपसी सहमति से सीटों का बंटवारा तय करेंगे।

उरई में जनसभा को संबोधित करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि जालौन में भी पार्टी का जनाधार है और यहां चुनाव लड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, उन्होंने सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला NDA के घटक दलों के बीच आपसी सहमति से होने की बात कही।

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि भाजपा और अपना दल के बीच लंबे समय से बेहतर सामंजस्य है और सीटों को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने NDA की हैट्रिक लगाने का दावा भी किया। इसके साथ ही उन्होंने चंद्रशेखर के नए गठबंधन का स्वागत करते हुए कहा कि हर राजनीतिक दल को गठबंधन बनाने और चुनाव लड़ने का अधिकार है।

अपना दल (एस) के बढ़ते राजनीतिक आधार का जिक्र करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि समर्थकों के बीच आने में भले ही देरी हुई है, लेकिन पार्टी के लिए लोगों का प्यार कम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अपना दल का इतिहास लोगों से अनजाना नहीं है और पार्टी ने समाज के हर वर्ग, दलित, कुचले और कमजोर वर्ग के लिए हमेशा आवाज उठाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने सड़कों पर संघर्ष की शुरुआत की और संघर्ष करते-करते आज इस मुकाम तक पहुंची है कि अपना दल उत्तर प्रदेश विधानसभा में भी मौजूद है और देश की संसद में भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुका है।

अनुप्रिया पटेल ने पार्टी के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि 2009 में अपना दल अपने चार विधायकों के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा में पहुंचा था। 2012 में बाराबंकी की धरती से जनता ने उन्हें आशीर्वाद दिया और वह विधानसभा पहुंचीं। इसके बाद लगातार पार्टी के विधायकों की संख्या बढ़ती गई। उन्होंने बताया कि 2017 में अपना दल ने 11 सीटों पर चुनाव लड़ा और नौ सीटों पर जीत हासिल कर विधानसभा में पहुंचा।

लोकसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2014 में अपना दल के दो सांसद चुनकर संसद पहुंचे और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी के दो सांसद संसद में पहुंचे। उन्होंने कहा कि 2022 में पार्टी 17 सीटों पर चुनाव लड़ी और विधानसभा में उसके 13 विधायक मौजूद हैं। विधान परिषद में भी पार्टी का एक सदस्य मौजूद है।

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि आज अपना दल उत्तर प्रदेश में तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि केवल दो पार्टियां उनसे आगे हैं, लेकिन पार्टी तीन नंबर पर संतुष्ट होने वाली नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी रफ्तार और बढ़ाने का आह्वान किया और कहा कि तब तक नहीं रुकना है, जब तक अपना दल उत्तर प्रदेश की नंबर वन पार्टी नहीं बन जाती।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि राज्य के हर बूथ पर अपना दल का झंडा लहराया जाए। अनुप्रिया पटेल के इस बयान के बाद 2027 विधानसभा चुनाव में NDA के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *