सोनिया विहार घाट पर CM रेखा गुप्ता ने सूर्यदेव को दिया अर्घ्य, दिल्लीवासियों के सुख-समृद्धि की मांगी कामना

लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को दिल्ली के अलग-अलग घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार स्थित यमुना घाट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

Knews Desk – मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बोट पर सवार होकर यमुना तट पर बनाए गए छठ घाटों का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न घाटों पर मौजूद छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

सोनिया विहार यमुना घाट पर श्रद्धा, भक्ति और लोक संस्कृति का रंग देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा, छठ गीतों, दीपों और पूजा के सूपों से सजे घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठी मैया की आराधना करते नजर आए।

‘छठ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक’

संध्या अर्घ्य के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक आस्था के महापर्व छठ पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सनातन संस्कृति के महान संस्कारों का अद्भुत प्रतीक है। उन्होंने छठी मैया और भगवान भास्कर से प्रार्थना की कि सभी व्रतियों की साधना सफल हो और हर परिवार में सुख, समृद्धि व आरोग्य का वास हो।

रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, स्वच्छता, समर्पण और सामाजिक समरसता का अनुपम उत्सव है। यह पर्व प्रकृति और पर्यावरण के प्रति सम्मान का भाव सिखाता है। डूबते और उगते सूर्य की उपासना की परंपरा जीवन के हर चरण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ के दौरान परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा समाज एक साथ पूजा-अर्चना में सहभागी बनता है। यही सामूहिकता और लोक संस्कृति इस पर्व को विशेष बनाती है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली देश के हर हिस्से से आए लोगों का अपना घर है और पूर्वांचल समाज ने अपनी मेहनत, परिश्रम और समर्पण से राजधानी के निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। दिल्ली सरकार का संकल्प है कि राजधानी में रहने वाले पूर्वांचल के भाई-बहनों को हर पर्व और त्योहार पर घर जैसा अपनापन और सुविधाएं मिलें।

रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व पूर्वांचल समाज की आस्था और सांस्कृतिक पहचान से गहराई से जुड़ा है। इसलिए सरकार श्रद्धालुओं को बेहतर घाट, स्वच्छ वातावरण और पूजा-अर्चना के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रवेश साहिब सिंह ने भी परिवार के साथ मनाया छठ

दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने भी रविवार को अपने निवास स्थान पर छठ महापर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया। उन्होंने छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

उनकी पत्नी श्रीमती स्वाति वर्मा ने निवास स्थान पर पहुंचे छठ व्रतियों और उनके परिवारजनों का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से छठ पूजा की व्यवस्था की गई थी।

प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, लोक संस्कृति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व स्वच्छता, संयम, समर्पण और परिवार के साथ समाज की खुशहाली का संदेश देता है। उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना की कि उनका आशीर्वाद दिल्ली सहित पूरे देश के हर परिवार पर बना रहे और सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि व उत्तम स्वास्थ्य आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *