केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस नेता लगातार चुनावों में मिल रही हार का फ्रस्ट्रेशन अब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर निकाल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘भारत समिट 2026’ में राहुल गांधी ने भारत विरोधी विचार रखकर पूरी दुनिया के सामने देश की इमेज खराब करने का काम किया।
Knews Desk – अमित शाह रविवार को महाराष्ट्र के पुणे में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार तीन चुनावों में हार का फ्रस्ट्रेशन अलग-अलग तरीकों से निकाल रही है। अमित शाह ने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि अगर सत्ता में आना है तो विदेश यात्राएं छोड़कर भारत के गांवों में जाना शुरू करें। देश को बदनाम करने से सत्ता नहीं मिलने वाली है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पिछले दो दिनों में कांग्रेस ने हैदराबाद में ‘भारत समिट 2026’ का आयोजन किया। इसमें देश और विदेश से वामपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने वाले लोगों को बुलाया गया था। राहुल गांधी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। अमित शाह ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम का नाम ‘भारत समिट’ रखा गया था, लेकिन वहां राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत विरोधी विचार रखे और पूरी दुनिया के सामने भारत को बदनाम करने का काम किया।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि चुनाव लड़ना, हारना और जीतना किसी भी राजनीतिक पार्टी के नेताओं के प्रदर्शन पर निर्भर करता है। उन्होंने कांग्रेस के पिछले कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। अमित शाह ने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस को 10 साल तक सरकार चलाने का मौका दिया था, लेकिन उस दौरान 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले और भ्रष्टाचार हुए। इसके बाद जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया और नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाया।
केंद्रीय गृह मंत्री ने नरेंद्र मोदी सरकार का बचाव करते हुए कहा कि पिछले 12 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चार आने के भ्रष्टाचार का भी आरोप नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारत की विकास यात्रा की तारीफ कर रही है। ऐसे समय में राहुल गांधी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की इमेज खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
अमित शाह ने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करके सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को सत्ता में आना है तो उन्हें विदेश यात्राएं बंद करके भारत के गांवों का दौरा करना चाहिए और गांवों में जाकर लोगों के बीच काम करना चाहिए। अमित शाह ने कहा कि ऐसा करने पर शायद कभी उन्हें सत्ता में आने का मौका मिल सकता है।