KNEWS DESK – साउथ सिनेमा के पावर स्टार पवन कल्याण इन दिनों एक बार फिर अपनी फिल्मों को लेकर चर्चा में आ गए हैं. आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम बनने के बाद भी उन्होंने फिल्मों से दूरी नहीं बनाई है और लगातार बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं. हालांकि पिछले कुछ समय में रिलीज हुई उनकी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक रिस्पॉन्स नहीं मिला, जिसकी वजह से अब उनकी आने वाली फिल्मों पर काफी दबाव बढ़ गया है. इसी बीच अब उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘ओजी 2’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है.

पवन कल्याण की फिल्मों का फैंस बेसब्री से इंतजार करते हैं. जब भी उनकी कोई फिल्म रिलीज होती है, थिएटरों में त्योहार जैसा माहौल देखने को मिलता है. साल 2025 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘ओजी’ ने शुरुआती दिनों में शानदार कमाई करते हुए करीब 150 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. हालांकि बाद में फिल्म की रफ्तार धीमी पड़ गई. अब खबरें हैं कि मेकर्स इस फिल्म के सीक्वल पर काम शुरू कर चुके हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पवन कल्याण ने एक बार फिर डायरेक्टर सुजीत के साथ हाथ मिला लिया है. कहा जा रहा है कि ‘ओजी 2’ की स्क्रिप्ट पर तेजी से काम चल रहा है और फिल्म को पहले पार्ट से भी ज्यादा बड़े लेवल पर तैयार किया जाएगा. अगर ये खबर सही साबित होती है, तो पवन कल्याण के फैंस के लिए ये किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होगा.
वहीं दूसरी ओर पवन कल्याण डायरेक्टर सुरेंद्र रेड्डी के साथ भी एक बड़े प्रोजेक्ट में नजर आने वाले हैं. इस फिल्म को फिलहाल ‘PSPK32’ के नाम से जाना जा रहा है. रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म की कहानी पर लेखक वकन्थम वामसी काम कर रहे हैं और जल्द ही इसे लेकर आधिकारिक घोषणा भी हो सकती है.
हालांकि अभी तक पवन कल्याण या मेकर्स की तरफ से किसी भी फिल्म को लेकर ऑफिशियल कन्फर्मेशन नहीं आया है. लेकिन लगातार सामने आ रही रिपोर्ट्स ने फैंस की एक्साइटमेंट जरूर बढ़ा दी है. अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पवन कल्याण पहले ‘ओजी 2’ लेकर आएंगे या फिर ‘PSPK32’ से बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे.
एक्टर की पिछली तीन बड़े बजट की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाईं. ऐसे में अब उनकी अपकमिंग फिल्मों पर जबरदस्त प्रेशर रहने वाला है. फैंस को उम्मीद है कि पवन कल्याण इस बार एक धमाकेदार कमबैक करेंगे और फिर से बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा कायम करेंगे.