Gold Silver Rate: सर्राफा बाजार में हड़कंप, सोना-चांदी के दाम धड़ाम

KNEWS DESK- सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिससे सर्राफा बाजार में हलचल मच गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) से लेकर रिटेल बाजार तक दोनों कीमती धातुओं के दाम तेजी से टूटते नजर आए। खासतौर पर चांदी की कीमतों में भारी गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया।

एमसीएक्स पर सुबह कारोबार के दौरान सोने की कीमत में 3 हजार रुपये से ज्यादा की गिरावट देखी गई। वहीं चांदी के भाव में भी बड़ी टूट दर्ज की गई और यह करीब 17 हजार रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो गई। सुबह 11 बजे के आसपास गोल्ड लगभग 2500 रुपये प्रति 10 ग्राम नीचे कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी में शुरुआती गिरावट 12 हजार रुपये प्रति किलो से ज्यादा की रही।

कारोबार आगे बढ़ने के साथ गिरावट और तेज हो गई। सुबह करीब 11 बजकर 20 मिनट पर 5 जून एक्सपायरी वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट के दाम 3000 रुपये से ज्यादा टूट गए। वहीं चांदी के भाव में भी लगातार गिरावट जारी रही और कीमतों में 17 हजार रुपये से ज्यादा की कमी दर्ज की गई।

विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के दिनों में सरकार द्वारा गोल्ड और सिल्वर पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने के फैसले के बाद बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 13 मई को ड्यूटी बढ़ने के बाद सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया था। उस दिन सोना करीब 11 हजार रुपये तक महंगा हुआ था, जबकि चांदी की कीमतें 3 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई थीं।

हालांकि इसके बाद बाजार में अस्थिरता बनी रही और अब अचानक आई इस भारी गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। रिटेल बाजार में भी सोना और चांदी दोनों सस्ते हुए हैं। बुलियन बाजार के आंकड़ों के अनुसार, सोना करीब 2820 रुपये प्रति 10 ग्राम टूटकर 1,59,830 रुपये पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमत में 16,780 रुपये की गिरावट आई और यह 2,74,980 रुपये प्रति किलो के स्तर पर आ गई।

देश के प्रमुख शहरों में भी सर्राफा बाजार में सोने और चांदी के भाव में गिरावट दर्ज की गई है। लगातार बदलते दामों के बीच निवेशक और खरीदार बाजार की अगली चाल पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *