KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) अस्पताल में एक बेहद असाधारण और दुर्लभ मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने केवल 5 दिनों के अंतराल में 4 बच्चों को जन्म दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सभी डिलीवरी सामान्य (नॉर्मल डिलीवरी) के जरिए हुई।
संभल जिले के असमोली क्षेत्र की रहने वाली 31 वर्षीय अमीना इस अनोखे मामले में चार बच्चों की मां बनी हैं। शुरुआती जांच के दौरान ही डॉक्टरों को पता चल गया था कि उनके गर्भ में चार भ्रूण पल रहे हैं, जिसके बाद इसे हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी माना गया।
डॉक्टरों ने परिवार को फीटल रिडक्शन यानी भ्रूणों की संख्या कम करने की सलाह दी थी, ताकि मां और बच्चों की जान को सुरक्षित रखा जा सके। हालांकि परिवार ने ईश्वर पर भरोसा जताते हुए चारों बच्चों को जन्म देने का निर्णय लिया।
गर्भावस्था के दौरान अमीना को कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा। उन्हें ब्लड प्रेशर और लीवर से जुड़ी दिक्कतें भी रहीं, जिसके चलते उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कर उपचार देना पड़ा। इस दौरान डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी करती रही और नियमित अंतराल पर जांच होती रही।
जानकारी के अनुसार, 8 मई को अमीना को पहली बार प्रसव पीड़ा हुई और 9 मई को उन्होंने पहले बच्चे को जन्म दिया, जो एक बेटा है और जिसका वजन करीब 710 ग्राम था। उस समय गर्भावस्था लगभग साढ़े छह से सात महीने की थी, इसलिए डॉक्टरों ने बाकी डिलीवरी को कुछ समय के लिए नियंत्रित किया।
इसके बाद 14 मई को फिर से प्रसव पीड़ा शुरू हुई और उसी दिन तीन अन्य बच्चों का भी सफलतापूर्वक नॉर्मल डिलीवरी के जरिए जन्म कराया गया। इनमें एक बेटा और दो बेटियां शामिल हैं।
फिलहाल मां और सभी चारों नवजात डॉक्टरों की विशेष निगरानी में हैं। चिकित्सकों के अनुसार एक बच्चा अपेक्षाकृत स्वस्थ है, जबकि अन्य तीन बच्चों को अतिरिक्त देखभाल और मेडिकल सपोर्ट की जरूरत है।
इस पूरी प्रक्रिया में डॉ. शुभ्रा अग्रवाल, डॉ. पूर्ति, डॉ. रोली और डॉ. मोनिका सहित कई विशेषज्ञों की टीम ने अहम भूमिका निभाई। अस्पताल प्रशासन ने इसे एक दुर्लभ और जटिल प्रसव बताया है, जो चिकित्सा क्षेत्र में भी विशेष मामला माना जा रहा है।
वहीं बच्चों के पिता मोहम्मद आलिम ने अस्पताल और डॉक्टरों की टीम का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें शुरुआत से ही TMU अस्पताल पर पूरा भरोसा था।