गुजरात के वलसाड जिला में एसी चालू करते ही निकले तीन जहरीले सांप, इलाके में दहशत

Knews Desk- गुजरात के वलसाड जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक परिवार के एयर कंडीशनर (AC) को चालू करते ही उसके अंदर से तीन जहरीले सांप निकल आए। यह घटना पारडी के पो रेलवे इलाके की बताई जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, गर्मी से राहत पाने के लिए जैसे ही परिवार ने एसी ऑन किया, वेंट्स के अंदर हलचल दिखाई दी। पहले तो परिवार को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन कुछ ही सेकंड में जब सांप बाहर झांकने लगे, तो घर में चीख-पुकार मच गई। उस समय घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई।

परिवार ने तुरंत समझदारी दिखाते हुए एसी बंद कर दिया और सभी सदस्य सुरक्षित रूप से कमरे से बाहर निकल गए। इसके बाद मामले की जानकारी स्थानीय जीवदया संगठन को दी गई। सूचना मिलते ही स्नेक रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद तीनों जहरीले सांपों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने भी इस घटना को बेहद चौंकाने वाला बताया। उनका कहना था कि एक ही एसी यूनिट के अंदर तीन सांपों का मौजूद होना असामान्य है। प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि सांप एसी की ड्रेन पाइप या दीवार में मौजूद किसी दरार के जरिए यूनिट के अंदर घुसे होंगे और वहीं छिप गए होंगे।

विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी के मौसम में सांप अक्सर ठंडी और नमी वाली जगहों की तलाश में रहते हैं। ऐसे में एयर कंडीशनर की ड्रेन पाइप और बाहरी यूनिट उनके लिए सुरक्षित छिपने का स्थान बन सकती है। यही कारण है कि कई बार वे घरों के एसी सिस्टम में घुस जाते हैं, जिसका पता तब चलता है जब यूनिट चालू की जाती है। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद डर का माहौल है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि एसी को लंबे समय तक बंद रखने के बाद सीधे चालू न करें, बल्कि पहले उसकी अच्छी तरह जांच कर लें। साथ ही ड्रेन पाइप के मुहाने पर जाली लगाने और नियमित सर्विसिंग कराने की सलाह दी गई है, ताकि ऐसे खतरों से बचा जा सके। यह घटना एक गंभीर चेतावनी भी देती है कि बदलते मौसम में सिर्फ आराम ही नहीं, बल्कि सावधानी भी बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *