KNEWS DESK- विराट कोहली ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें दुनिया का सबसे बड़ा ‘चेज मास्टर’ क्यों कहा जाता है। Royal Challengers Bengaluru और Kolkata Knight Riders के बीच खेले गए मुकाबले में विराट ने शानदार नाबाद शतक लगाकर टीम को जीत दिलाई। लेकिन मैच के बाद उनका बयान फैंस के दिल को छू गया।
पिछले दो मुकाबलों में लगातार शून्य पर आउट होने के बाद विराट कोहली दबाव में थे। ऐसे में KKR के खिलाफ जैसे ही उन्होंने अपना पहला रन बनाया, उन्होंने उसे खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। यह सेलिब्रेशन उनके अंदर जमा निराशा को बाहर निकालने जैसा था।
इसके बाद विराट ने मैदान पर ऐसा तूफान मचाया कि KKR की हार तय हो गई। 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने अकेले नाबाद 105 रन बनाए और टीम को शानदार जीत दिला दी। उन्होंने सिर्फ 58 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
मैच खत्म होने के बाद विराट कोहली ने जो कहा, उसने हर क्रिकेट फैन को भावुक कर दिया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट उनके लिए सिर्फ खेल नहीं, बल्कि जिंदगी का हिस्सा है।
विराट ने कहा, “मैं क्रिकेट से बेइंतहा प्यार करता हूं। इसलिए मैदान पर चाहे बल्लेबाजी हो या फील्डिंग, मैं अपना दिल और जान लगा देता हूं। क्योंकि एक दिन ये सब खत्म हो जाएगा।”
उन्होंने कहा कि वह मैदान पर बिताए हर पल को पूरी तरह जीना चाहते हैं और दबाव की परिस्थितियों में खुद को लगातार परखना चाहते हैं।
विराट कोहली ने बताया कि इतने सालों बाद भी वह दबाव में प्रदर्शन इसलिए कर पाते हैं क्योंकि खेल के प्रति उनका प्यार अभी भी वैसा ही है।
उन्होंने कहा, “मुझे बल्ले के बीच गेंद को हिट करना आज भी उतना ही पसंद है। बल्लेबाजी का वो आनंद अभी भी बरकरार है। यह भगवान का आशीर्वाद है और मैं उसके लिए शुक्रगुजार हूं।”
लगातार दो डक के बाद विराट को लेकर सवाल उठने लगे थे, लेकिन उन्होंने अपने बल्ले से जवाब दिया। इस शतक के साथ उन्होंने न सिर्फ RCB को अहम जीत दिलाई, बल्कि यह भी दिखा दिया कि बड़े खिलाड़ी मुश्किल समय में ही सबसे मजबूत वापसी करते हैं।
विराट का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनके खेल के प्रति समर्पण की जमकर तारीफ कर रहे हैं।