KNEWS DESK- तमिलनाडु में नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने पद संभालते ही बड़े और कड़े फैसलों से अपनी कार्यशैली का संकेत दे दिया है। शपथ लेने के तुरंत बाद सीएम विजय ने राज्य में सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों के आसपास चल रही शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश जारी किया है।
सरकारी आदेश के अनुसार, पूरे राज्य में कुल 717 TASMAC शराब दुकानों को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा। इनमें वे दुकानें शामिल हैं जो मंदिर, मस्जिद, चर्च, स्कूल, कॉलेज और बस स्टैंड जैसे संवेदनशील स्थानों के 500 मीटर के दायरे में स्थित हैं। सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अगले दो हफ्तों के भीतर इस प्रक्रिया को पूरा किया जाए।
राज्य सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, तमिलनाडु में फिलहाल कुल 4,765 TASMAC शराब दुकानें संचालित हैं। बंद होने वाली 717 दुकानों में से 276 धार्मिक स्थलों के पास, 186 शैक्षणिक संस्थानों के आसपास और 255 बस स्टैंड के निकट स्थित हैं।
सीएम विजय द्वारा लिया गया यह फैसला पद संभालने के कुछ ही घंटों बाद आया है, जिसे नई सरकार का पहला बड़ा सामाजिक सुधार कदम माना जा रहा है। सरकार का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य संवेदनशील इलाकों में शराब की उपलब्धता को कम करना और सामाजिक चिंता को दूर करना है।
मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने सिर्फ शराब दुकानों पर ही नहीं, बल्कि कई अन्य अहम नीतिगत फैसलों पर भी मुहर लगाई है। इनमें घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को मंजूरी देना शामिल है। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा बल बनाने का निर्णय भी लिया गया है। इसके अलावा, राज्य में नशे के बढ़ते खतरे को देखते हुए हर जिले में एंटी-ड्रग यूनिट स्थापित करने का भी ऐलान किया गया है।
सीएम विजय ने अपने पहले संबोधन में पिछली सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की वित्तीय स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी है और सरकार जल्द ही एक ‘श्वेत पत्र’ जारी करेगी, जिसमें 2021 से 2026 तक की आर्थिक स्थिति का पूरा ब्योरा दिया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है और खजाना लगभग खाली हो चुका है, जिससे सरकार के सामने गंभीर आर्थिक चुनौती खड़ी हो गई है।
नई सरकार के इन फैसलों को राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है, और आने वाले दिनों में इसके राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव पर सबकी नजर बनी रहेगी।