भाई दूज का पर्व इस बार 11 नवंबर, बुधवार को मनाया जाएगा। कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर बहनें भाई के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। इस बार तिलक लगाने के लिए दोपहर में 2 घंटे 10 मिनट का शुभ समय रहेगा।
Knews Desk – भाई दूज को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। पंचांग के अनुसार यह त्योहार हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनके सुखी और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं, जबकि भाई अपनी बहनों की रक्षा और सुख का संकल्प लेते हैं।
दोपहर में रहेगा तिलक का शुभ मुहूर्त
इस साल भाई दूज पर तिलक लगाने का शुभ समय दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक रहेगा। यानी बहनों को भाई के माथे पर तिलक लगाने के लिए कुल 2 घंटे 10 मिनट का समय मिलेगा। भाई-बहन इसी अवधि को ध्यान में रखते हुए पूजा और तिलक की तैयारी कर सकते हैं।
पंचांग के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे से शुरू होगी और 11 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट पर समाप्त होगी। उदया तिथि और पर्व की परंपरा के अनुसार भाई दूज का त्योहार 11 नवंबर को मनाया जाएगा।
भाई दूज के दिन बहनें स्नान आदि से निवृत्त होकर पूजा की तैयारी करती हैं। शुभ समय में भाई को आसन पर बैठाकर उनके माथे पर तिलक लगाया जाता है। इसके बाद आरती उतारकर भाई की लंबी उम्र, सुख और समृद्धि की कामना की जाती है।
कई स्थानों पर भाई दूज के दिन भाई के बहन के घर भोजन करने की भी परंपरा है। भाई अपनी बहन को उपहार देकर उसके प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन बहन के हाथों तिलक करवाना भाई के लिए शुभ माना जाता है।