डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बीघापुर कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ के बाबूखेड़ा मगरायर गांव में रविवार की रात एक पति ने अपनी ही पत्नी की जहर देकर हत्या कर दी। हत्या की वजह पति के अवैध संबंध बताए जा रहे हैं, जिसका पत्नी लगातार विरोध कर रही थी। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस ने मुख्य आरोपी पति सहित उसकी कथित प्रेमिका को हिरासत में ले लिया है। मृतका आरती (40 वर्ष) की शादी गंगादीन के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार, आरती निसंतान थी। आरोप है कि गंगादीन के पड़ोस में रहने वाली एक दो बच्चों की मां से अवैध संबंध थे। आरती अक्सर इसका विरोध करती थी, जिसे लेकर घर में आए दिन कलह होती रहती थी। रविवार की रात आरती ने गंगादीन को उस महिला के घर की तरफ से आते देख लिया, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ा कि गंगादीन ने कथित तौर पर आरती को जहर दे दिया और मौके से फरार हो गया।
सुबह खुला राज, मायके वालों का फूटा गुस्सा
सोमवार सुबह जब काफी देर तक आरती के घर का दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों को शक हुआ। अंदर जाकर देखने पर आरती का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मृतका के पिता कंधई लाल और अन्य परिजन बिहार थाना क्षेत्र से मौके पर पहुंचे। बेटी की मौत देख परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी की कथित प्रेमिका के घर को घेरकर जमकर हंगामा किया। मौके पर स्थिति बिगड़ती देख सीओ मधुपनाथ मिश्रा और कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। इस दौरान परिजनों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। परिजनों ने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया, लेकिन अधिकारियों द्वारा कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और हत्यारोपी पति गंगादीन को गांव के बाहर एक खेत से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, उसकी कथित प्रेमिका को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतका के पिता की तहरीर पर पति गंगादीन, उसकी तीन बहनों और कथित प्रेमिका के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर विधिक कार्रवाई पूरी की।
बिखर गया एक और परिवार
इस घटना का एक पहलू यह भी है कि आरोपी महिला का पति मुंबई में मजदूरी करता है। उसे जैसे ही पत्नी के इस कृत्य और गिरफ्तारी की सूचना मिली, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह अपने बच्चों के भविष्य और समाज में हुई बदनामी को लेकर सदमे में है और मुंबई से घर के लिए रवाना हो गया है। महिला के जेल जाने के बाद अब उसके दो मासूम बच्चों की परवरिश पर भी सवालिया निशान लग गया है।