KNEWS DESK- गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में विधिवत कुंभाभिषेक और पूजा-अर्चना की, जहां पूरे मंत्रोच्चारण के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ।

सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह महोत्सव मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जिसमें देशभर से श्रद्धालुओं की भागीदारी देखी जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले गिर सोमनाथ में एक रोड शो में शामिल हुए। उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री Bhupendra Patel और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे। रोड शो के बाद पीएम सीधे सोमनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने Sardar Vallabhbhai Patel की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण भक्ति और श्रद्धा से भरा हुआ नजर आया।
सोमनाथ मंदिर को भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों में पहला माना जाता है और यह देश की प्राचीन आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ को ऐतिहासिक महत्व का आयोजन माना जा रहा है। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए।