रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर ‘दृश्यम 3’ का जलवा, एडवांस बुकिंग में मोहनलाल की फिल्म ने छापे करोड़ों

KNEWS DESK – मोहनलाल की अपकमिंग फिल्म ‘दृश्यम 3’ को लेकर सिनेमा प्रेमियों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। मलयालम सिनेमा की सबसे सफल क्राइम थ्रिलर फ्रेंचाइजी में शामिल इस सीरीज का तीसरा पार्ट लंबे समय से चर्चा में है और अब इसकी रिलीज नजदीक आते ही माहौल और भी गर्म हो गया है।

‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ की शानदार सफलता के बाद दर्शकों की उम्मीदें तीसरे पार्ट से काफी बढ़ गई हैं। मोहनलाल एक बार फिर अपने दमदार किरदार जॉर्जकुट्टी के रूप में वापसी कर रहे हैं, जिसे दर्शकों ने पहले दोनों हिस्सों में खूब पसंद किया था। फिल्म का निर्देशन इस बार भी जीतू जोसेफ ने किया है, जिन्होंने इस फ्रेंचाइजी को एक अलग पहचान दी है।

‘दृश्यम 3’ की रिलीज डेट 21 मई तय की गई है और फिल्म ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर अपना जलवा दिखाना शुरू कर दिया है। फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही जबरदस्त रिस्पॉन्स देखने को मिला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, केरल में ओपनिंग डे की प्री-सेल्स ने 1 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।

इसके अलावा, ग्लोबल लेवल पर भी फिल्म ने एडवांस बुकिंग से 4 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। ये आंकड़े इस बात का संकेत हैं कि फिल्म रिलीज के पहले ही दिन मजबूत ओपनिंग दर्ज कर सकती है और बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकती है।

खास बात यह है कि अभी फिल्म की फुल फ्लेज्ड टिकट सेल शुरू भी नहीं हुई है, इसके बावजूद प्री-सेल्स में इतनी बड़ी कमाई ने ट्रेड एक्सपर्ट्स को भी हैरान कर दिया है। माना जा रहा है कि रिलीज के बाद ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना सकती है।

फिल्म में मोहनलाल के साथ एक बार फिर मीना, अंसीबा हसन और एस्थर अनिल अपनी पुरानी भूमिकाओं में नजर आएंगी। वहीं, सपोर्टिंग कास्ट में सिद्दीकी, आशा शरथ और मुरली गोपी जैसे मजबूत कलाकार भी शामिल हैं, जो कहानी को और भी दमदार बनाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *