संडे को ‘राजा शिवाजी’ की बल्ले-बल्ले, रितेश देशमुख की फिल्म ने 10 दिन में किया जोरदार कलेक्शन

KNEWS DESK – बॉलीवुड सुपरस्टार रितेश देशमुख की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ रिलीज के 10 दिन पूरे कर चुकी है और बॉक्स ऑफिस पर इसकी रफ्तार लगातार बनी हुई है। हालांकि फिल्म को अब तक 100 करोड़ क्लब में एंट्री नहीं मिली है, लेकिन वीकेंड पर आए उछाल ने मेकर्स की उम्मीदों को जरूर जिंदा रखा है।

फिल्म ने खासतौर पर मराठी बेल्ट में शानदार प्रदर्शन किया है, जहां दर्शकों से इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। वहीं हिंदी और अन्य राज्यों में फिल्म की पकड़ अपेक्षाकृत कमजोर नजर आ रही है। यही वजह है कि इतने बड़े स्टारकास्ट और हाई बजट के बावजूद फिल्म अभी तक ऑल इंडिया लेवल पर धमाकेदार कमाई नहीं कर पाई है।

ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने अपने दूसरे संडे को जोरदार उछाल दिखाते हुए 8.09 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इससे पहले शनिवार को भी फिल्म ने 6.68 करोड़ रुपये कमाए थे। यानी सिर्फ वीकेंड के दो दिनों में ही ‘राजा शिवाजी’ ने करीब 14 से 15 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया।

कुल मिलाकर फिल्म का 10 दिनों का नेट कलेक्शन लगभग 68.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन के आंकड़े करीब 81 करोड़ रुपये बताए जा रहे हैं। इन आंकड़ों को देखते हुए कहा जा सकता है कि फिल्म धीरे-धीरे ही सही लेकिन 100 करोड़ के आंकड़े की ओर बढ़ रही है।

हालांकि शुरुआती दिनों में फिल्म की परफॉर्मेंस को लेकर चिंता जताई जा रही थी और ऐसा माना जा रहा था कि यह अपने बजट की रिकवरी भी मुश्किल से कर पाएगी। लेकिन पिछले वीकेंड के मजबूत कलेक्शन ने तस्वीर बदल दी है और अब फिल्म के ब्रेक-ईवन तक पहुंचने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

फिल्म की स्टारकास्ट भी इसकी सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है। इसमें रितेश देशमुख के साथ संजय दत्त और अभिषेक बच्चन अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। संजय दत्त एक बार फिर दमदार विलेन के किरदार में दिखे हैं, जिसे दर्शकों ने नोटिस किया है। वहीं भाग्यश्री, विद्या बालन और जेनेलिया देशमुख जैसे कलाकारों ने भी अपने-अपने किरदारों से कहानी को मजबूत बनाया है।

इसके अलावा सलमान खान का कैमियो भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसने फिल्म में अतिरिक्त आकर्षण जोड़ दिया है। रितेश देशमुख ने न सिर्फ फिल्म में लीड रोल निभाया है, बल्कि निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *