सैफई कुनबा आसमान में भैंस उड़ाने में माहिर…. ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, पूर्व सीएम को बताया अफवाहबाज नेता

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश की राजनीति में जुबानी जंग एक बार फिर तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। राजभर ने अखिलेश यादव की राजनीति को ‘समाज तोड़क’ और ‘अफवाहबाजी’ पर आधारित बताते हुए उन्हें जमीन से कटा हुआ नेता करार दिया है। राजभर ने अखिलेश यादव की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस व्यक्ति की राजनीति केवल ट्विटर, एयर कंडीशनर (AC) कमरों और प्रेस कॉन्फ्रेंस (PC) तक सिमट कर रह गई हो, उससे जनहित की उम्मीद करना बेमानी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव से गंभीर राजनीति की अपेक्षा करना वैसा ही है जैसे ‘भैंसों को आसमान में उड़ाना’। राजभर ने तंज कसा, “मैं (ओपी राजभर) जमीन पर भैंस चरा सकता हूँ, लेकिन आसमान में भैंस उड़ाने की कला में सिर्फ सैफई कुनबा ही पारंगत है।

भ्रष्टाचार और अकूत संपत्ति पर घेरा

अखिलेश यादव की जीवनशैली पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि बार-बार चुनाव हारने के बाद भी उनके पास ऐशो-आराम की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 साल पहले सत्ता से हटने के बावजूद अखिलेश यादव जनता की गाढ़ी कमाई से जुटाए गए धन के दम पर आज भी किराए के हवाई जहाजों में घूम रहे हैं। राजभर ने कहा, “उनके पास अब सिर्फ आलीशान महल और अकूत दौलत बची है, जनता का विश्वास वे खो चुके हैं।”

देश विरोधी झूठ परोसने का लगाया आरोप

राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे संवेदनशील मुद्दों पर देश विरोधी झूठ फैलाते हैं। राजभर के अनुसार, 11 लड़ाकू विमानों के गिरने जैसी मनगढ़ंत बातें फैलाकर अखिलेश देश की सुरक्षा और सेना के मनोबल के खिलाफ काम करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन्ना को आदर्श मानने वाले लोग कभी भी सकारात्मक राजनीति नहीं कर सकते, उनका एकमात्र एजेंडा समाज को तोड़ना और अफवाह फैलाना है।

“वोट के लिए फैलाते हैं घबराहट और बेचैनी”

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव की पूरी राजनीति अफवाहबाजी और डर पैदा करने पर टिकी है। चुनाव के बाद विभिन्न पाबंदियों और अर्थव्यवस्था को लेकर अखिलेश के बयानों पर पलटवार करते हुए राजभर ने कहा कि वे केवल बाजार में मंदी और महंगाई की आशंका पैदा कर जनता के बीच घबराहट और निराशा फैलाना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार संसाधनों का सदुपयोग कर रही होती है, तब अखिलेश अफरातफरी फैलाने का काम करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *