KNEWS DESK- असम की राजनीति में बड़ा फैसला लेते हुए भारतीय जनता पार्टी और एनडीए विधायक दल ने हिमंत बिस्वा सरमा को अपना नेता चुन लिया है। इसके साथ ही यह तय हो गया है कि वह 12 मई को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
भव्य शपथ ग्रहण समारोह में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह कार्यक्रम राज्य के राजनीतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
बीजेपी विधायक दल की बैठक में यह निर्णय लिया गया, जिसकी अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने की। इस बैठक में जेपी नड्डा ने हिमंता बिस्वा सरमा के नाम की औपचारिक घोषणा की। बैठक के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नयाब सिंह सैनी को पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया था।
गौरतलब है कि हिमंत बिस्वा सरमा ने हाल ही में 6 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। अब वह एक बार फिर राज्य की कमान संभालने जा रहे हैं। यह उनका लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनना होगा, जिससे राज्य की राजनीतिक स्थिरता और विकास एजेंडे को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नए कार्यकाल में सरकार के सामने विकास, रोजगार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी।