KNEWS DESK – तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां अभिनेता से नेता बने Thalapathy Vijay की पार्टी TVK सरकार बनाने के बेहद करीब पहुंच गई है। बहुमत को लेकर चल रही राजनीतिक अनिश्चितता अब खत्म होती नजर आ रही है।
सूत्रों के मुताबिक, वीसीके (VCK) और आईयूएमएल (IUML) ने टीवीके को बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया है। दोनों दलों के पास 2-2 विधायक हैं, जिससे विजय के समर्थन में बड़ा इजाफा हुआ है। इसके साथ ही टीवीके के पास अब कुल 120 विधायकों का समर्थन पहुंच गया है, जो बहुमत के आंकड़े 118 से अधिक है।
इससे पहले Thalapathy Vijay लगातार तीन दिनों तक राज्यपाल से मुलाकात कर चुके थे, लेकिन बहुमत साबित न कर पाने के कारण सरकार गठन का औपचारिक न्योता नहीं मिल पाया था। अब नए समर्थन के बाद पार्टी ने राज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा है और विधायकों के हस्ताक्षर वाला पत्र सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश करने की तैयारी कर ली है।
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में टीवीके ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सभी को चौंका दिया है। हालांकि, एक सीट छोड़ने के बाद पार्टी के पास 107 विधायक रह गए हैं। इसके बावजूद कांग्रेस, वामदल और अब वीसीके-आईयूएमएल के समर्थन से विजय की स्थिति मजबूत हो गई है।
कांग्रेस ने पहले ही टीवीके को समर्थन देने का ऐलान किया था, जिसके पास 5 विधायक हैं। वहीं वामदलों के 4 विधायक भी टीवीके के साथ आ गए हैं। इन सभी समर्थन को जोड़ने के बाद कुल संख्या 120 तक पहुंच गई है।
हालांकि, वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने स्पष्ट किया है कि पार्टी सरकार में शामिल होने पर बाद में निर्णय लेगी। वहीं आईयूएमएल ने भी शुरुआत में डीएमके के साथ रहने की बात कही थी, लेकिन राजनीतिक समीकरण बदलने के बाद उसने टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया।
अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि Thalapathy Vijay कब औपचारिक रूप से सरकार गठन का दावा पेश करते हैं और तमिलनाडु की राजनीति में नया अध्याय कैसे शुरू होता है।